दीपक मिश्रा
धर्मनगरी में बड़ी रामलीला के नाम से विख्यात श्री राम लीला कमेटी ने अपने रंगमंच पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम चन्द्र जी के जन्म की लीला का भव्य मंचन कर सम्पूर्ण समाज में हर्ष एवं उल्लास के वातावरण का संचार किया तथा भारत को अतीत से गौरवान्वित करने वाले दशरथ दरबार, विष्णु लोक एवं इन्द्र दरबार की अद्भुत छटा और संस्कृति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
श्रीरामलीला कमेटी ने अपने रंगमंच के तीसरे दिन का शुभारम्भ करते हुए दिखाया कि जब असुर एवं अभिमानियों के बढ़ने से धर्म की हानि होती है तो भगवान स्वयं अवतरित होकर लोक कल्याण करते हैं और राक्षसों के अत्याचार से व्यथित होकर पृथ्वी नारद को साथ लेकर जब देवराज इन्द्र के दरबार में गयी तो इन्द्र ने सभी देवताओं के साथ क्षीर सागर में श्रीहरि नारायण से प्रार्थना की। श्रीहरि ने स्वयं यह घोषणा की कि वे शीघ्र ही धराधाम पर अवतरित होकर दुष्प्रवृत्तियों का दमन करेंगे। विधि का विधान ही था कि अयोध्या के राजा दशरथ को अपने वानप्रस्थ पर जाने से राजसत्ता के संचालन हेतु पुत्र की चाहत हुई श्रीरामलीला कमेटी ने अपने रंगमंच से भारत की उस संस्कृति का दर्शन कराया जिसमें यज्ञ एवं अनुष्ठान के माध्यम से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है और श्रृंगी ऋषि ने यज्ञ कर उसके प्रसाद से ही राजा दशरथ को चार पुत्रों का पिता बनने का सौभाग्य प्रदान किया। रंगमंच पर बधाई गीतों के साथ श्रीरामजन्म की खुशियां मनायी गयीं तथा आयोजकों ने भगवान श्रीराम के दिव्य स्वरुप की आरती उतार कर विश्व कल्याण की कामना की। आज मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक श्री मदन कौशिक, नगर महापौर श्रीमति किरण जैसल, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री विकास तिवारी रहे तथा उनके साथ हीरा सिंह बिष्ट, विष्णु अग्रवाल, समर्थ जैन, दिनेश पांडे, चंद्रकांत पांडे, गौरव भारद्वाज, आदित्य झा, आदि उपस्थित हुए जहां पर श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष वीरेन्द्र चड्ढा, ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील भसीन, ट्रस्ट के मंत्री रविकांत अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रविंद्र अग्रवाल, महामंत्री महाराज कृष्ण सेठ, ऋषभ मल्होत्रा, विशाल गोस्वामी, राहुल वशिष्ट, अंजना चड्डा, साहिल मोदी, पवन शर्मा, दर्पण चड्ढा, मनोज बेदी, सुनील वधावन, विकास सेठ, महेश गौड़, सुरेन्द्र अरोड़ा, रमेश खन्ना, गोपाल छिब्बर, कन्हैया खेवडिया, अनिल सुखीजा सहित सम्पूर्ण कार्यकारिणी ने आए हुए अतिथियों का पटका ओढ़ा कर भव्य रूप से स्वागत किया एवं कमेटी की ओर से प्रसाद प्रदान किया गया।
रंगमंच का संचालन मंत्री एवं
प्रेस प्रवक्ता डॉक्टर संदीप कपूर तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री विनय सिंघल ने संयुक्त रुप से किया तथा निर्देशन मुख्य रूप से दादा गुरु भगवत शर्मा ‘मुन्ना’ एवं दिग्दर्शक मनोज सहगल संगीत दिग्दर्शक विनोद नयन ने किया। श्रीरामलीला के रंगमंच सहित सम्पूर्ण व्यवस्था को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए मुख्य अतिथि श्री मदन कौशिक ने श्रीरामलीला कमेटी के 102 वर्ष पूर्ण होने पर अध्यक्ष वीरेन्द्र चड्ढा एवं उनकी टीम के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि कुल्लू के बाद यदि कोई दशहरा प्रसिद्ध है तो वह बड़ी राम लीला हरिद्वार का है। आज की लीला में विष्णु के अभिनय में पवन खैरवाल, इन्द्र-नारायण तथा दशरथ- संजीव गिरी तथा अन्य पात्र शिखर जौहरी, अंकित ठाकुर, राघव चौधरी, अमित पांडे, सुमित्रा, मनोज शर्मा वर्षा, अंजली, अंशु, मुकुल, सीटू आदि का योगदान रहा ।