दीपक मिश्रा
हरिद्वार। धर्मनगरी के कवि एवं साहित्यकार अरुण कुमार पाठक के निर्देशन व सह-सम्पादक में प्रकाशित साझा काव्य संकलन- ‘क़िरदार एक नई सोच’ का लोकार्पण स्पर्श हिमालय अन्तर्राष्ट्रीय कला, संस्कृति एवं साहित्य सम्मेलन में भारत के पूर्व शिक्षा मंत्री, उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री, हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद, तीन विश्व कीर्तिमानधारी कवि, साहित्यकार एवं लेखक डा. रमेश पोखरियाल निशंक के द्वारा सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर देश के सैकड़ों चुनिन्दा लेखक, साहित्यकार एवं शिक्षाविद् उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिल्ली विश्वविद्यालय से सम्बद्ध किरोड़ीमल कालेज के हिन्दी विद्वान वेद प्रकाश वत्स ने किया।
लोकार्पित साझा संकलन- ‘क़िरदार एक नई सोच’ के सह-सम्पादक श्री अरुण कुमार पाठक ने बताया कि इस संकलन में देश के चुने हुए 56 रचनाकारों की दो-दो काव्य रचनाओं को उनके चित्र तथा सम्पूर्ण परिचय सहित प्रकाशित किया गया है, जिनमें हरिद्वार से उनके अलावा दो और रचनाकार- श्रीमती कंचन प्रभा गौतम तथा ओज कवि श्री अरविन्द दुबे भी शामिल हैं। संकलन की सम्पादक तथा संकलनकर्ता श्रीमती पूजा सिंह मुंगेर विश्वविद्यालय से सम्बद्ध जमुई जिले के बिशनपुर स्थित अरविन्द कुमार डिग्री कालेज में हिन्दी की सहायक प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। पुस्तक को श्रमण पब्लिकेशन, अलवर (राजस्थान) द्वारा प्रकाशित की गयी है।