दीपक मिश्रा
26 नवम्बर 2025, संविधान दिवस के इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज, सलेमपुर में बतौर मुख्य अतिथि ज़िला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राव आफाक अली ने इंटर कॉलेज के हज़ारों बच्चों व अध्यापकगण को संविधान की सौगंध दिलाई कि –
“हम अपने भारत देश, इस देश की पावन धरा तथा इस देश के सर्वसमाज के बाशिंदों से हमेशा प्यार करते रहेंगे। हम किसी भी प्रकार के भेदभाव या नफ़रत रूपी उन राक्षसों को स्वीकार नहीं करेंगे, जो इस देश की तरक्क़ी व फ़लाह–ओ–बहबूदी में रुकावट पैदा करते हैं।”
राव अफाक अली ने कहा कि इस देश के सभी नागरिक अपने वतन भारत से प्यार करते हैं, क्योंकि सर्वधर्म व सर्वसमाज के लोगों ने ही 1857 से 1947 तक लगभग 90 वर्षों के कठोर संघर्ष व बलिदान से देश को आज़ाद कराया था। और फिर लगभग 3 वर्षों में सर्वसमाज व सर्वधर्म के लोगों की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं का सम्मान करते हुए हमारे महान नेताओं ने मिलकर संविधान का निर्माण किया और उसे स्वतंत्र भारत में लागू किया।
हम संविधान सभा के महान अध्यक्ष डॉ. भीमराव अम्बेडकर, महात्मा गांधी, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद, सरदार वल्लभभाई पटेल, खान अब्दुल गफ़्फ़ार ख़ान, पंडित जवाहरलाल नेहरू आदि सभी महापुरुषों को शत–शत नमन करते हैं, जिनके अथक प्रयासों से हमें यह महान संविधान प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज के सभी अध्यापक व अध्यापिकाएँ, अभिभावकगण एवं हज़ारों विद्यार्थियों ने संविधान की सौगंध खाकर देश में भाईचारा, सद्भावना व एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से श्री विजयपाल सिंह (प्रधानाचार्य), श्री सूरज सिंह, श्री नरेश चंद्र, श्री विनोद कुमार, श्रीमती गीता देवी, श्रीमती प्रेमलता सिंह, श्री विमल कुमार पाल, श्रीमती शांति देवी तथा अन्य शिक्षकीय व गैर–शिक्षकीय स्टाफ़ की गरिमामयी उपस्थिति रही।