दीपक मिश्रा
हरिद्वार, 12 दिसंबर। हरिद्वार में कुंभ 2027 की तैयारियां जोर शोर से चल रहीं हैं, चारों तरफ कंक्रीट का निर्माण कार्य जारी है। विकासकारी योजनाओं के नाम पर निजी, सार्वजनिक तथा सरकारी भूमि पर खड़े हरे भरे पेड़ों की बेरोकटोक बलि चढ़ाई जा रही है, शिवालिक नगर स्थित शिव मंदिर परिसर में लहलहाते आम के बाग पर खुलेआम आरी चलने की सूचना ग्रीन मैन ऑफ इंडिया डॉ0 विजयपाल बघेल को मिली। सूचना मिलते मौके पर टीम को भेजकर जांच कराई, तब तक दो विशाल आम के वृक्ष कट चुके थे। तत्काल अवैध वृक्ष कटान रुकवाकर वन विभाग की टीम बुलाई और वृक्ष अपराध में संलिप्त लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कराकर आम के बाग को कटने से बचाया। बघेल ने बताया कि अवैधानिक रूप से हरे पेड़ काटना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है फिर भी नासमझ पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाने का दुस्साहस कर रहे हैं। कल ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के पास से पांच छह पेड़ों के अवैध कटान की कार्यवाही पूरी भी नहीं हुई उससे पहले आज शिवालिक नगर में पेड़ काट दिए गए। पेड़ों से ही हमारा जीवन है, हमारी हर सांस वृक्षों से उत्पादित ऑक्सीजन से ही ली जाती है और पेड़ों को कुछ लोग बेरहमी से काट रहे हैं, जिसकी वजह से तो हमारी सांसे कम होकर जलवायु परिवर्तन की गंभीर समस्या से हम सब मजबूरन जूझ रहे हैं। उन्होंने वृक्ष सुरक्षा के प्रति सजग होकर पेड़ न काटने की अपील करते हुए सचेत किया कि वृक्ष कटान की घटना संज्ञान में आने पर कोई भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही कराई जाएगी।