हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनायी गयी ईद

दीपक मिश्रा 
हरिद्वार, 21 मार्च। शहर से लेकर देहात तक ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में ईद की नमाज अता कर मुल्क की खुशहाली, एकता, भाईचारे, तरक्की और अमन चैन की दुआएं मांगी। ईद को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। उत्साहपूर्वक नमाज अता करने के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी। ईद मिलने आए मेहमानों का घरों में मीठी सेवईयां और कई तरह के पकवानों से स्वागत किया गया। ईद पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की और से सुरक्षा और साफ सफाई के विशेष इंतजाम किए गए थे। ज्वालापुर स्थित ईदगाह में ईद की नमाज अता करने के लिए सुबह से भीड़ जुटनी शुरू हो गयी थी। ईदगाह में नमाज अता कराते हुए मौलाना वाहिद ने कहा कि ईद खुशियों का पैगाम देती है। नफरत समाप्त कर मुल्क के निजाम को बेहतर बनाएं। सुख, शांति व अमनो चैन से ही देश मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने देश दुनिया को इंसानियत का पैगाम दिया। मुल्क की तरक्की में सभी को मिलकर सहयोग करना चाहिए। मौलाना आरिफ ने कहा कि त्योहार मनाते हुए आपसी भाईचारे का संदेश दें। मुल्क में मनाए जाने वाले विभिन्न त्योहार तहजीब एवं परंपराओं के संवाहक हैं। हिंदू मुस्लिम बढ़-चढ़कर एक दूसरे के त्योहारों में अपनी हिस्सेदारी निभाते हैं। विभिन्न धर्म समुदायों के बीच आपसी प्यार मोहब्बत ही भारत की पहचान है। ईद उल फितर का पर्व अमन, खुशी, इंसाफ, बराबरी और भाईचारे का पैगाम लेकर आता है। सब मिलकर देश में अमन ओ अमान, इंसाफ, भाईचारे और गंगा जमुनी तहजीब को बरकरार रखने में एक दूसरे का सहयोग करें। ईदगाह कमेटी के सदर जमशेद खान व सचिव बाबर खान ने सभी को ईद पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरांओं मे पर्वो का विशेष महत्व है। सभी पर्व एक खास संदेश समाज को देते हैं। रमजान के बाद आने वाली ईद खुशीयां और एकता व भाईचारे का संदेश देती है। आपसी एकता को मजबूत करें। सभी धर्म समुदाय आपसी एकजुटता से राष्ट्र की एकता अखण्डता बनाए रखने में योगदान दें। कोषाध्यक्ष हाजी मुकर्रम अली एवं पार्षद अहसान अंसारी ने ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा त्योहार आपसी प्रेम और सद्भावना का संदेश देते हैं। ईदगाह कमेटी के उपाध्यक्ष सज्जाद गौड़, पार्षद अहसान अंसारी, नसीम सलमानी, राव आबाद, नौशाद मंसूरी, शाहनवाज सलमानी, अतीक मंसूरी, शहनवाज सिद्दीकी, नसीम सलमानी, हाजी रफी खान, मकबूल कुरैशी, छम्मन पीरजी, हाजी परवेज, पप्पू मंसूरी, इरफान मंसूरी, पप्पन कुरैशी, दानिश अंसारी आदि मौजूद रहे और सभी नमाजियों का स्वागत कर ईद की बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *