पुलिस चौकी में तोड़फोड़ करने वालों को चिन्हित करने में जुटी पुलिस

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार। हरिद्वार की चंडीघाट चौकी में हंगामे और तोड़फोड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने चौकी पहुंचकर हंगामा किया था। इस बीच कुछ लोगों ने चौकी में घुसकर माहौल खराब करने की कोशिश की। पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग करते हुए भीड़ को तितर बितर कर दिया लेकिन सोशल मीडिया पर मामले से जुड़ा वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों को चिन्हित करने में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, श्यामपुर कांगड़ी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में 40 वर्षीय स्कूटी सवार प्रवेश, निवासी चंडीघाट बस्ती, हाल पता कांगड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अन्य दो लोग भी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन प्रवेश की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और अन्य कई लोग बड़ी संख्या में चंडीघाट चौकी पहुंच गए। महिलाओं समेत सैकड़ों लोगों ने आरोपी कार चालक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग को लेकर चौकी का घेराव कर दिया।आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने चौकी में घुसकर हंगामा काटा, सामान में तोड़फोड़ की और पथराव कर माहौल खराब करना चाहा। इस मामले से जुड़ा वीडियो भी सामने आया जिसमें कई लोग चौकी के अंदर घुसकर हंगामा कर रहे हैं। इस बीच कुछ लोगों ने चौकी में रखी कुर्सियां तक तोड़ डाली। हालांकि बुधवार रात को ही पुलिस ने आरोपी कार सवार चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द भी कर दिया लेकिन पुलिस कानून व्यवस्था भंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में जुट गई है। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि भीड़ में कुछ अराजक तत्व घुस आए थे, उन्होंने माहौल खराब करने का प्रयास किया। युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा जायज है लेकिन अराजकता और तोड़फोड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अराजक तत्वों को चिन्हित कर रही है। चौकी में हंगामा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *