पति की हत्या का कारण बना अवैध संबंध, पत्नी और बेटी ने नशीला पदार्थ पिलाकर तकिए से गला दबाया

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार। हरिद्वार की श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने बबलू हत्याकांड का खुलासा कर दिया। मृतक बबलू की 35 वर्षीय पत्नी और नाबालिक बेटी पर हत्या का आरोप लगा है। अपने अवैध संबंध छिपाने के लिए पत्नी ने बेटी के साथ मिलकर पति को गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया और फिर घटना को आत्महत्या का रूप दे दिया। पुलिस की जांच पड़ताल के आगे पत्नी और बेटी की साजिश टिक नहीं पाई। मृतक के नाबालिक बेटे ने सारी सच्चाई बता दी। शनिवार को एसपी सिटी अभय सिंह ने मायापुर कार्यालय में प्रेस कांफ्रेस कर पूरे मामले का खुलासा किया।

एसपी सिटी के अनुसार, बीती 2 अप्रैल को श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम लाहडपुर निवासी पूजा नामक महिला द्वारा सूचना दी गई कि उसके पति बबलू ने रात को शराब के नशे में कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्म हत्या कर ली है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लिया। मौके पर प्रकरण संदिग्ध दिखाई दिया। उसी दिन रात को ही मृतक के भाई राजू नए एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया। जिसमें उसने भाई की पत्नी, लड़की व एक अन्य युवक पर एक साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या करने के आरोप लगाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया। आस पड़ोस के लोगों से जानकारी जुटाने व मौके पर की गई जांच के आधार मृतक के बच्चों से पूछताछ की गयी। पुलिस को मृतक के नाबालिक बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने रात में तकिया से मुंह दबाकर पापा की हत्या की। मृतक की पत्नी व नाबालिक बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पत्नी और बेटी ने बताया कि उसकी अन्य लोगों से अवैध सम्बन्धों की जानकारी बबलू को लग गई थी। इसके बाद बबलू द्वारा शराब पीकर मारने पीटने लगा। इसी के चलते उन्होंने बबलू को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।

शराब में नींद की दवाई पिलाई और तकिए से दबाया था गला

घटना के दिन बबलू को पहले दोनों आरोपियों ने शराब में नीद की दवाई मिलाई और शराब पिलाकर सुला दिया। इसके बाद फिर चारपाई में दुपट्टों से हाथ पैर बांध दिए और फिर तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद अपना जुर्म छिपाने की नियत से दोनों ने शव को दूसरे कमरे की चारपाई में शिफ्ट किया। मृतक के मुंह में जहरीली दवाई सल्फास का घोल डाल कमरे को बंद कर दिया। अगली सुबह आरोपी पत्नी ने अपने पति के रात में झगड़ाकर कही चले जाने और रात में ही किसी समय आकर जहर खाकर आत्महत्या करने की कहानी बनाई और यही कहानी पुलिस को भी सुना दी।

घटना स्थल से बरामद सामान

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन, सल्फास का पैकेट, शराब का टेट्रा पैक, स्टील का गिलास, घटना में प्रयुक्त दुपट्टे, 01 तकिया बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया और नाबालिक बेटी को संरक्षण में लेकर कोर्ट में पेश कर दिया।

 

वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, एसएसआई रविन्द्र गौड, सिपाही सुदेश खरोला, मनमोहन सैनी, महिला सिपाही रेशमा सुल्ताना, माधुरी, चालक मोहन सिहं रावत, महिला होमगार्ड रीना रानी और सीआईयू से सिपाही वसीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *