नशे की लत ने बनाया चोरों का गैंग, चार दोस्त गिरफ्तार, झाड़ियों से 10 बाइक बरामद

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी विपिन पुत्र राजवीर निवासी ग्राम पुट्ठा, थाना खतौली, मुजफ्फरनगर, गौरव पुत्र मांगेराम निवासी मोहम्मदपुर डोसनी, थाना लक्सर, नितिन पुत्र धर्मराज निवासी सुरजानगर, मुरादाबाद और गौरव पुत्र सुरेश कुमार निवासी गुरुकुल नारसन, थाना मंगलौर का रहने वाला है। चारों आरोपी आपस में दोस्त हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए इन्होंने गैंग बनाकर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू किया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 10 चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कोतवाली रानीपुर में प्रेस वार्ता कर बताया कि चार अप्रैल को उत्तराखंड पुलिस ऐप के माध्यम से विभिन्न तिथियों में मोटरसाइकिल चोरी की ईएफआईआर दर्ज कराई गई थीं। इनमें ब्रह्मपुर निवासी मुकेश की बाइक आईसी इलेक्ट्रॉनिक कंपनी क्षेत्र से चोरी होना, मंगलौर निवासी समीर की बाइक चोरी होना और जमालपुर खुर्द निवासी अरुण कुमार की बुलेट चोरी होने की घटनाएं शामिल थीं। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
पांच अप्रैल को पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और चेकिंग के दौरान नहर पटरी श्मशान घाट के पास से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी में उनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और इसी के लिए बाइक चोरी करते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को वे कबाड़ियों और राहगीरों को सस्ते दामों में बेच देते थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी रानीपुर, सिडकुल और दिल्ली क्षेत्र से बाइक चोरी कर उन्हें नहर किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखते थे, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें तीन बाइक रानीपुर क्षेत्र, एक सिडकुल, एक फरीदाबाद, एक दिल्ली ई-पुलिस स्टेशन से संबंधित और चार अन्य संदिग्ध चोरी की बाइक शामिल हैं।

एसएसपी के मुताबिक बरामद अन्य वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल संजय बलूनी, अर्जुन रावत, वीर सिंह और अजय शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *