दुष्कर्म के आरोपी की लोकेशन आउट ऑफ स्टेट, , जल्द होगी गिरफ्तारी

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र स्थित निजी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे आरोपी तीरंदाजी कोच पवन सैनी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी उत्तराखंड की सीमा से बाहर चला गया है। आउट ऑफ स्टेट उसकी लोकेशन पता चली है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

हिम्मत जुटाकर परिजनों को बताई आपबीती

कनखल क्षेत्र के नामी निजी स्कूल में कोच छात्र छात्राओं को तीरंदाजी सिखाता है। क्षेत्र की ही एक छात्रा यहां तीरंदाजी सीख रही थी। आरोप है कि आरोपी ने पिछले साल अक्टूबर के महीने में छात्रा को धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही किसी को बताने पर तरह तरह की धमकियां भी दी थी। घटना के बाद छात्रा को चुप रहने के लिए धमकाया, जिसके चलते वह कई महीनों तक किसी से कुछ नहीं कह सकी। उसने किसी तरह हिम्मत जुटाकर परिजनों को घटना के बारें में जानकारी दी। इसके बाद पिता ने पीड़िता को साथ ले जाकर कनखल थाने में तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। तत्परता दिखाते हुए छात्रा से महिला पुलिस ने भी जानकारी जुटाई और पता चला कि वास्तव में आरोपी ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पोक्सो एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज किया।

उत्तराखंड तीरंदाजी संघ ने जारी किया पत्र, मानसिक उत्पीड़न का भी लगाया आरोप

आरोपी कोच पवन सैनी को लेकर उत्तराखंड तीरंदाजी संघ ने भी पत्र जारी किया और जानकारी दी कि संघ से से आरोपी का कभी कोई संबंध नहीं रहा है। वह हरियाणा से आए एक स्वतंत्र कोच हैं, जिन्हें विभिन्न स्कूलों द्वारा नियुक्त किया गया है। उत्तराखंड तीरंदाजी संघ से जो भी कोच होते हैं, वो रजिस्टर्ड होते हैं। उनको बकायदा उत्तराखंड तीरंदाजी संघ स्कूलों को प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध कराते हैं, जिसका पूरा रिकॉर्ड होता है। यह भी ध्यान में आया है कि जिन खिलाड़ियों को उनके द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है, उन्होंने अब तक किसी भी चयन ट्रायल, जिला प्रतियोगिता या राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया है। आरोप लगाया कि कुछ अभिभावकों ने संघ को यह भी सूचित किया गया है कि पवन सैनी छात्रों से महंगे दरों पर तीरंदाजी उपकरण बेचकर आर्थिक लाभ उठा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, उनके खिलाफ मानसिक उत्पीड़न से संबंधित कई शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। इस विषय में पूर्व में एक विद्यालय को सूचित किया गया था, किन्तु विद्यालय द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। संघ के महासचिव राजेंद्र सिंह तोमर ने अपील की है कि उत्तराखंड तीरंदाजी संघ सभी विद्यालयों से अनुरोध करता है कि यदि आपके यहाँ कोई तीरंदाजी कोच प्रशिक्षण दे रहा है और वह संघ से संबद्ध नहीं है, तो तुरंत संघ से संपर्क करें।

वर्जन

दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस टीमें दबिश दे रहीं है। उसकी लोकेशन आउट ऑफ स्टेट आ रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *