मनसा देवी पेदल मार्ग पर अव्यवस्थाओं को दूर कर श्रद्धालु की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं-विपिन गुप्ता

दीपक मिश्रा 
हरिद्वार, 18 जून। शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर के अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने वन विभाग के मार्डन के नाम ज्ञापन देकर मनसा देवी पैदल मार्ग पर व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उचित व्यवस्थाएं करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रति जिलाधिकारी को भी प्रेषित की गयी है। ज्ञापन सौंपने के दौरान विपिन गुप्ता ने कहा कि मनसा देवी मंदिर में दर्शन के लिए प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु आते हैं। लेकिन खेद का विषय है कि मंदिर जाने वाले पैदल मार्ग पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा उनकी सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। विपिन गुप्ता ने कहा कि मार्ग पर स्वच्छत पेयजल उपलब्ध कराए जाए। महिलाओं, बुजुर्गो और बच्चों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालयों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि पैदल मार्ग पर किसी भी स्थान पर प्राथमिक चिकित्सा केंद्र उपलब्ध नहीं है। यदि किसी श्रद्धालु की अचानक तबियत खराब होनेे अथवा अन्य आपात स्थिति उत्पन्न होने तो तत्काल सहायता उपलब्ध नहीं हो पाती है। अतः मार्ग पर प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी तथा कम से कम एक एम्बुलेंस की स्थायी व्यवस्था की जानी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि कई स्थानों पर अनधिकृत एवं जोखिमपूर्ण शॉर्टकट रास्ते खुले हुए हैं। जिससे हमेशा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इन मार्गों को तत्काल बंद कर बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जानी चाहिए। पूरे पैदल मार्ग पर कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नही है। सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ कोई घटना घटित होने पर पुलिस को भी मदद मिलेगी। विपिन गुप्ता ने कहा कि गत वर्ष मनसा देवी क्षेत्र में दुर्घटना में कई श्रद्धालुओं की जान चली गयी थी। आगामी कांवड़ मेले तथा अगले वर्ष होने वाले कुम्भ मेले में लाखों करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए समय रहते अव्यवस्थाएं दूर कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *