अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लोक सेवा आयोग परिसर में हुआ योग आयोजन, अध्यक्ष अनिल कुमार राणा बोले – योग स्वस्थ और सशक्त जीवन का आधार

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक दिवेश कुमार के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं श्वास संबंधी अभ्यास किए। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा ध्यानाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष अनिल कुमार राणा, अनु सचिव सुनील मिश्र, आशीष जसवाल, एवं अनुभाग अधिकारी संतोष कुमार यादव, अनुपमा कर्णपाल, जितेंद्र शुक्ल, व्यवस्था अधिकारी सुनील कुमार भट्ट, राकेश कुमार मिश्रा,निजी सचिव सुभाष चंद सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

अध्यक्ष अनिल कुमार राणा ने कहा कि, “योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जो आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। नियमित योग न केवल शरीर को निरोग रखता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है। प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।”
वहीं व्यवस्था अधिकारी सुनील कुमार भट्ट ने कहा कि, “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक उत्कृष्ट पद्धति है। वर्तमान तनावपूर्ण जीवनशैली में योग हमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन प्रदान करता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य जन-जन को स्वस्थ एवं जागरूक बनाना है और सभी को नियमित योगाभ्यास का संकल्प लेना चाहिए।”
योग कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और अनुशासन का वातावरण देखने को मिला। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से स्वस्थ भारत और निरोग जीवन का संदेश देते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *