मेयर किरण जैसल ने की अधिकारियों के साथ बैठक

दीपक मिश्रा 
हरिद्वार, 14 जुलाई। मेयर किरण जैसल ने बरसात के दौरान शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान तथा विभिन्न फ्लाईओवर के नीचे सुव्यवस्थित विकास एवं सौंदर्यकरण के संबंध में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। नगर निगम स्थित मेयर कार्यालय में बैठक के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था तथा अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मेयर किरण जैसल ने अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों एवं नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी मार्गों से अवरोध हटाने, पंपिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने ड्रेनेज व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के भी निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न फ्लाईओवर के नीचे उपलब्ध स्थान का समुचित उपयोग करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मेयर ने कहा कि इन स्थानों को केवल खाली या उपेक्षित छोड़ने के बजाय उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित एवं जनोपयोगी स्वरूप प्रदान किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि फ्लाईओवर के नीचे खाली स्थानों पर हरित क्षेत्र विकसित करने, पौधारोपण, आकर्षक लैंडस्केपिंग, पार्किंग सुविधा, ओपन जिम, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं के विकास की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही सुनिश्चित किया जाए कि इन स्थानों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण या गंदगी न होने पाए। मेयर किरण जैसल ने अधिकारियों से कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाना है। इसके लिए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ करे। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा एवं शहर के समग्र विकास से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अधिकारियों द्वारा जल निकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, फ्लाईओवरों के नीचे स्थित स्थानों के सौंदर्यीकरण एवं विकास तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। महापौर ने सभी प्रस्तावों पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, नगर आयुक्त नंदन कुमार, राजाजी टाइगर रिज़र्व से आशा रतूड़ी, नेशनल हाईवे अथॉरिटी से सुनील कुमार, कांट्रैक्टर अतुल कुमार, परियोजना निदेशक विशाल गोयल, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता खुशवंत सिंह चौहान, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता प्रवेश कुमार एवं विपिन कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, एचआरडीए के सहायक अभियंता प्रशांत सेमवाल, प्रिया सैनी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *