उछाली आश्रम में कांवड सेवा शिविर निरंतर जारी

दीपक मिश्रा 
हरिद्वार, 4 अगस्त। श्रवणनाथ नगर स्थित श्रीगुरू सेवक निवास उछाली आश्रम में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर निरंतर जारी है। शिविर में प्रतिदिन हजारों कांवडियों को भोजन, पेयजल, चाय उपलब्ध करायी जा रही है। आश्रम के संत और स्वयंसेवक पूरे मनोयोग के साथ सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। आश्रम के परमाध्यक्ष महंत विष्णु दास महाराज ने कहा कि सेवा भारतीय सनातन संस्कृति की महान परंपरा है। श्रावण मास में भगवान शिव के भक्तों की निस्वार्थ सेवा करना ही सच्ची शिव आराधना है। महंत विष्णुदास ने बताया कि शिविर में सेवा कार्य निरंतर चल रहा है और प्रत्येक श्रद्धालु को सम्मानपूर्वक सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सेवा कार्यों से जुडने का आह्वान करते हुए कहा कि जरूरतमंद श्रद्धालुओं की सहायता करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं भोजन कराने के साथ यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान करने की अपील भी की जा रही है। सेवा कार्याे में महंत सीताराम दास, महंत कन्हैया दास, राघवेन्द्र दास, पुनीत दास, अमन दास, सुभाष जसवाणी, सुरेश खेड़ा, रमेश खनेजा सहित आश्रम के अन्य सेवादार सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *