रिक्रूट पुलिस आरक्षी और ट्रैफिक वॉलंटियर ने पेश की ईमानदारी की मिसाल यात्री का खोया बैग ढूंढकर वापस लौटाया

दीपक मिश्रा 
हरिद्वार, 7 अगस्त। कांवड़ मेला ड्यूटी पर तैनात पुलिस और ट्रैफिक वॉलंटियर ने मानवता और ईमानदारी का उदाहरण पेश करते हुए एक यात्री का खोया बैग तलाश कर उसे सकुशल लौटा दिया। बैग में बीस हजार रूपए नकद और कीमती सामान था। बैग वापस मिलने पर यात्री ने पुलिस को आभार व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार हरियाणा से आए यात्री रोहित गर्ग का एक बैग खो गया था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रिक्रूट आरक्षी कुलदीप सिंह, ट्रैफिक वॉलंटियर अरुण शर्मा और रिक्रूट आरक्षी प्रदीप पवार 31वीं वाहिनी पीएसी ने तुरंत तलाश शुरू की और बैग ढूंढ निकाला। जांच के बाद बैग उसके असली मालिक रोहित गर्ग को वापस सौंप दिया गया। अपना सामान और नगदी सुरक्षित वापस पाकर रोहित गर्ग ने पुलिस और ट्रैफिक वॉलंटियर की तत्परता और ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सेवा से पुलिस पर आम जनता का भरोसा बढ़ता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कावड़ मेला अवधि में खोए हुए सामान को यात्रियों तक पहुंचाने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुखद बन सके। शिवालिक नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष धर्मेंद्र बिश्नोई ने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी बेहतर काम करते हुए समर्पण सेवा मित्रता का संदेश दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *