अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी के संयोजन में धूमधाम से मनाया जाएगा ईद मिलादुन्नबी

दीपक मिश्रा 
हरिद्वार, 17 अगस्त। अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी के संयोजन में हजरत मुहम्मद साहब का जन्मोत्सव जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी हर्षाेल्लास व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर चादरपोशी, रक्तदान शिविर, मरीजों को फल वितरण, कलियर शरीफ दरगाह में चादरपोशी आदि कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रैस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए सोसाइटी के सदर हाजी शफी खान एवं सेक्रेटरी राहील कुरैशी ने बताया कि अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। जिसमें 20 अगस्त को उपाध्यक्ष जमशेद खान के द्वारा दरगाह साबिर पाक में चादरपोशी व लंगर का आयोजन किया जाएगा। 23 अगस्त को इंडियन पब्लिक स्कूल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। 24 अगस्त को अजरधाम में दिव्यांग बच्चों को भोजन व फल वितरित किए जाएंगे। 25 अगस्त को सैययद बिलाल चिश्ती पैगम्बर मौहम्मद साहब की दाढ़ी का बाल और टोपी लेकर पीलीभीत से ज्वालापुर आएंगे। जिसे अकीदतमंदों के दर्शन के लिए मोहल्ला कोटरवान स्थित सोसाइटी के अध्यक्ष शफी खान के आवास पर रखा जाएगा। इसके अलावा ईद मिलादुन्नबी के उपलक्ष्य में जिला अस्पताल, मेला अस्पताल, रामकृष्ण मिशन अस्पताल में फल वितरण किया जाएगा। उपाध्यक्ष हाजी जमशेद खान एवं उपाध्यक्ष रफी खान ने बताया कि 26 अगस्त को मंडी का कुंआ स्थित बाबा रोशनअली की दरगाह से जुलुस ज्वालापुर के विभिन्न मार्गो से होते हुए गढ़ी वाले पीर की मजार पर संपन्न होगा। जिसमें सोसायटी से संबंध 28 कमेटियां भी शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि पैगम्बर मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को इंसानियत का पैगाम दिया। उनके विचारों का प्रचार प्रसार किया जाना चाहिए। सेवा के माध्यम से इंसानियत का पैगाम समाज को दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एकता, सौहार्द और भाईचारा ही हमारी पहचान है। इंसानियत की सेवा में सभी को अपना योगदान देना चाहिए। प्रैसवार्ता के दौरान आलम सैफी, नौशाद अली ने भी विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *