हरिद्वार विश्वविद्यालय में गूंजा सफलता का मंत्र, मोटिवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा ने छात्रों में भरा जोश”

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार विश्वविद्यालय, रुड़की में आयोजित चार दिवसीय “उत्कर्ष 2026” महोत्सव के अंतर्गत आज तीसरे दिन एक भव्य एवं प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा ने अपने ओजस्वी वक्तव्य से छात्र-छात्राओं के भीतर सफलता की नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा सभागार तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

मोटिवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “सफलता केवल सपने देखने से नहीं मिलती, बल्कि उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास, अनुशासन और सकारात्मक सोच आवश्यक है।”
उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बढ़ाने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और हर परिस्थिति में आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सी.एस. गुप्ता ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि
“युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि विद्यार्थी सही दिशा में अपने कौशल और ज्ञान का उपयोग करें, तो वे न केवल अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।”
उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, निरंतर सीखते रहने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं, उपाध्यक्ष श्री नमन बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि “आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में सफलता उन्हीं को मिलती है जो अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हैं और कठिनाइयों से घबराते नहीं हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को नई तकनीकों को अपनाने, अपने कौशल को निखारने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस गरिमामयी अवसर पर प्रो. वाइस चांसलर डॉ. रमा भार्गव, डॉ. आदेश आर्य, डायरेक्टर विपिन सैनी, रजिस्ट्रार सुमित चौहान, ओएसडी अभिनव भटनागर, कैंपस मैनेजर जितेंद्र चौधरी, प्रो. रविंद्र सैनी, प्रो. संजना, प्रो. एकता जैन, प्रो. मृणालिनी सिंह, प्रो. निशा धीमान सहित अनेक गणमान्य शिक्षकगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सोनू शर्मा का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के गणमान्य अतिथि, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *