पूर्व भाजपा नेता जगजीवनराम पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने पर दंपति समेत चार पर एफआईआर

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार, 7 अप्रैल। भाजपा में कई पदों पर रह चुके पूर्व भाजपा नेता जगजीवनराम और उनके भाई व अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज कराए गए जमीन की धोखाधड़ी, अपहरण के मामले में नया मोड़ आ गया है। जगजीवन राम के भाई की पत्नी ने एससी-एसटी आयोग नई दिल्ली के आदेश पर कनखल थाने में दंपति सहित चार लोगों के खिलाफ साजिश के तहत झूठा मुकदमा दर्ज कराने और जातिसूचक शब्द कहने, धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
राधा पत्नी रोहित कुमार निवासी ग्राम सुभाषगढ़ थाना पथरी हाल पता हजारी बाग थाना कनखल ने एससी/एसटी आयोग नई दिल्ली में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके जेठ जगजीवन राम की जमीन खरीदने के बारें में पवन कुमार अग्रवाल, उसकी पत्नी चारु अग्रवाल निवासी पेटल वुड सोसायटी निकट जुर्स कंट्री बहादराबाद रोड ज्वालापुर से मुलाकात हुई थी। दोनों ने सम्पत्ति में पैसा लगाने और साझेदारी में काम करने की बात कही। 24 जुलाई 2024 को एक साझेदारी अनुबन्ध जेठ जगजीवनराम व उसके पति रोहित कुमार, जेठानी अनिता, जेठ के पुत्र हर्ष कुमार, चारु अग्रवाल व पवन अग्रवाल के बीच हुआ। सौदा 56.25 लाख में तय हुआ। बयाना 32.25 लाख दंपति को दे दिए। इसके बाद इकरारनामा हुआ। दोनों की नीयत में फर्क आने पर उन्होंने अधिवक्ता के जरिये पैसे वापसी के लिए 18 सितंबर 2024 को नोटिस भेजा। आरोप है कि इसके बाद साजिश के तहत सात अगस्त को उसके पति, जेठ, जेठानी व भतीजे के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में धोखाधड़ी व अन्य आरोपों में झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। फर्जी व कूटचित इकरारनामा करने का आरोप भी लगाया। जब फॉरेन्सिक जांच की गई तो पवन व उसकी पत्नी के हस्ताक्षर वास्तविक निकले। दोनों ने स्वयं अपनी सहमति से इकरानामा तैयार कराया था। राधा का आरोप है कि पैसे हड़पने के लिए उन पर झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया। पवन कुमार अग्रवाल, चारु अग्रवाल व हितेश अग्रवाल व अनिल शर्मा निवासी न्यू धीरवाली ज्वालापुर ने जातिसूचक शब्द कहते हुए बर्बाद करने की धमकी दी। चारों ने मिलकर 13 सितंबर की झूठी घटना दिखाकर 27 सितंबर को ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया। इस मामले में उसके जेठ जगजीवनराम जेल में बंद है। आरोप है कि उन्होंने ना तो साझेदारी अनुबंध पत्रों का कोई उल्लंघन किया गया न ही कोई कूटरचित दस्तावेज तैयार कराकर 32.25 लाख हड़पे। इसे झूठा संगीन मामला बनाया गया। कनखल थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *