दीपक मिश्रा
हरिद्वार। चैत्र मास की पूर्णिमा पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गुरुवार को जहां हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों में रौनक रही वहीं प्रसिद्ध हरकी पैड़ी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही स्नान का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने विधि विधान के साथ गंगा स्नान कर दान पुण्य किया। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पंडित जितेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि चैत्र पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व होता है। इस दिन गंगा स्नान और दान करने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख शांति आती है। इसी दिन हनुमान जन्मोत्सव और खाटू श्याम जन्मोत्सव भी मनाया जाता है, जिससे इस दिन का महत्व और बढ़ जाता है। चैत्र मास की पूर्णिमा अत्यंत पुण्यदायी मानी जाती है। इस दिन गंगा स्नान करने और जरूरतमंदों को दान देने से समस्त कष्टों का निवारण होता है और भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होती है। हनुमान जन्मोत्सव और खाटू श्याम जी के प्राकट्य दिवस के कारण भी इस तिथि का धार्मिक महत्व कई गुना बढ़ जाता है। यही कारण है कि हरिद्वार के गंगा घाटों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई।