दीपक मिश्रा
हरिद्वार। 2027 कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर समीक्षा की। उन्होंने हरिद्वार बाईपास रिंग रोड परियोजना का निरीक्षण करते हुए एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाए। सप्ताहवार लक्ष्य तय कर तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ से पहले यह परियोजना हर हाल में पूरी होनी चाहिए। मुख्य सचिव ने दिल्ली राजमार्ग पर बन रहे फ्लाईओवर को भी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए जिलाधिकारी को इसकी दैनिक प्रगति की निगरानी करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर गंगा नहर पर शहीद भगत सिंह घाट से सिंहद्वार तक बन रहे घाटों का जायजा लेते हुए उन्होंने आधुनिक सुविधाओं पर जोर दिया। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रैम्प, चेंजिंग रूम और प्रसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही इस बार कुंभ में “ग्रीन घाट” विकसित करने पर विशेष फोकस रखते हुए घाटों को हरित पट्टियों, पौधों और फूलों से सजाने को कहा। इसके बाद उन्होंने ज्वालापुर, ईदगाह, पीएसी और शिवालिक नगर क्षेत्र में पथरी रौ नदी पर बन रहे 60 मीटर लंबे प्री स्ट्रेस्ड आरसीसी पुल का निरीक्षण किया और गुणवत्ता से समझौता न करने की हिदायत दी। बहादराबाद-सिडकुल मार्ग के चौड़ीकरण कार्य को कुंभ के यातायात प्रबंधन के लिए अहम बताते हुए इसे प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर 90 मीटर स्पान पुल के निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने वर्षा से पहले नदी तल के कार्य पूरे करने को कहा। बैरागी कैंप में 1500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निरीक्षण करते हुए कुंभ के दौरान स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेला अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन है, जिसमें लाखों श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने मेला नियंत्रण भवन स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर सचिव शहरी विकास नितेश झा, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, हरिद्वार विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।