दीपक मिश्रा
हरिद्वार। हरिद्वार में अवैध शराब मिलने का सिलसिला जारी है। एक दिन पहले मंगलवार को दिन में नगर निगम की टीम ने रोडिबेलवाला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत संदूक अवैध शराब बरामद की थी। उसके बाद आबकारी विभाग की टीम हरकत में आई और
रात को आबकारी विभाग की टीम ने दीन दयाल पार्किंग क्षेत्र में छापेमारी कर एक झोपड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
जानकारी के अनुसार, आबकारी इंस्पेक्टर दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने मौके पर भुरा नामक व्यक्ति की झोपड़ी पर छापा मारा, जहां से अवैध रूप से छिपाकर रखा गया अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ। छापेमारी के दौरान 225 टैट्रा पैक देशी शराब (माल्टा ब्रांड) और 15 पव्वे अंग्रेजी शराब (रॉयल स्टैग) बरामद किए गए। यह शराब अवैध रूप से संग्रहित कर बिक्री के उद्देश्य से रखी गई थी। टीम ने मौके पर ही शराब को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
हरकी पैड़ी क्षेत्र के आसपास अवैध शराब का कारोबार फलफूल रहा
हरिद्वार एक धार्मिक नगरी है और बायलॉज के अनुसार यहां अवैध शराब और मांस की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है। ड्राई एरिया होने के बावजूद यहां धड़ल्ले से अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। यहां एक दिन में दो जगहों से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद होने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जो काम आबकारी विभाग और पुलिस को करना चहिए था वो नगर निगम की टीम ने किया। दिन में निगम की टीम द्वारा अवैध शराब पकड़े जाने के बाद आबकारी विभाग हरकत में आया और रात को दीन दयाल पार्किंग में छापेमारी कर एक झोपड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
आबकारी इंस्पेक्टर दर्शन सिंह चौहान ने बताया कि शहर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दीन दयाल पार्किंग में शराब बेचने वाले तस्कर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।