दीपक मिश्रा
हरिद्वार। भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद रहे बलबीर पुंज की अस्थियां मंगलवार को हरिद्वार में गंगा में विधि-विधान के साथ विसर्जित की गईं। मंगलवार को कनखल स्थित सती घाट पर परिजन अस्थि कलश लेकर पहुंचे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनकी अस्थियों को गंगा में प्रवाहित कर मोक्ष की कामना की।
इस दौरान दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि बलबीर पुंज एक राष्ट्रवादी चिंतक और प्रखर लेखक थे। वे दो बार राज्यसभा सांसद रहे और अपने विचारों से पार्टी को दिशा देने का काम करते रहे। उनका निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनका वैचारिक योगदान हमेशा मार्गदर्शन करता रहेगा। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि बलबीर पुंज भाजपा के अनुभवी और समर्पित नेता थे। उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। गौर है कि बलबीर पुंज का निधन 76 वर्ष की आयु में शनिवार को हुआ था। वे उत्तर प्रदेश और ओडिशा से राज्यसभा सांसद रहे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी थी और उन्हें प्रखर विचारक बताया था।