मनसा देवी मार्ग पर आबादी से कुत्ते को उठाकर ले गया गुलदार, सीसीटीवी में कैद हुई घटना, वीडियो वायरल

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार। हरिद्वार में ब्रह्मपुरी स्थित काशीपुरा क में गुलदार की दहशत है। यहां गुलदार की दस्तक से इलाके में हड़कंप मच गया। गुलदार ने इस दौरान एक कुत्ते पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे मे कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। खास बात यह है कि यह क्षेत्र मनसा देवी मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्गों में से एक है, जहां दिन-रात श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में गुलदार की मौजूदगी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। जंगल से सटे मनसा देवी पैदल मार्ग में पड़ने वाले ब्रह्मपुरी क्षेत्र के काशीपुरा मोहल्ले में रात की के अंधेरे में एक गुलदार घुस आया। गुलदार यहां शिकार की तलाश में आया था। यहां सीढ़ियों पर से गुलदार एक कुत्ते पर झपट पड़ा और उसकी गर्दन को अपने जबड़े में उठाकर जंगल में ले गया। यह घटना पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे मे कैद हो गई। सोशल मीडिया पर गुलदार द्वारा कुत्ते को झपटने का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि गुलदार की आहट से कुत्ते अलर्ट हो जाते है। कुत्ते जंगल की तरफ देखकर भौंकने लगते हैं लेकिन अचानक से घात लगाए बैठा गुलदार कुत्तों पर हमला कर देता है। गुलदार के झपटा मारते ही कुत्ते भागने लगते हैं लेकिन के कुत्ता गुलदार की पकड़ में आ जाता है। गुलदार कुत्ते को अपने जबड़े में दबाकर रखता है, लेकिन अन्य कुत्तों के भौंकने पर वो जबड़े में दबे हुए कुत्ते को उठाकर जंगल में वापस लौट जाता है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। क्योंकि यह इलाका मनसा देवी पहाड़ी पर बसा हुआ है। पूर्व में भी यहां गुलदार कुत्तों और मवेशियों को निवाला बना चुका है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गुलदार को पकड़कर उसकी दहशत से निजात दिलाने की मांग की है। ताकि किसी बड़े हादसे से पहले गुलदार को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा सके।

हरिद्वार वन प्रभाग के रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि ब्रह्मपुरी क्षेत्र राजाजी टाइगर रिजर्व के जंगल से सटा हुआ है, इसलिए गुलदार और अन्य जानवर यहां आबादी में घुस आते हैं। गुलदार को आबादी में घुसने से रोकने के लिए वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। वहीं उन्होंने लोगों को भी रात के समय सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *