दीपक मिश्रा
राष्ट्रीय मानव अ धिकार संरक्षण समिति की पूर्व राष्ट्रीय सचिव रेखा नेगी ने कहा कि हमारे देश में जिन पर्वों को सबसे ज्यादा पवित्र माना जाता है, उनमें से एक है गंगा दशहरा। हिंदू धर्म में गंगा दशहरा का विशेष महत्व होता है| धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गंगा को बहुत ही पवित्र माना जाता है और गंगा को पापों का नाश करने वाली और मोक्ष प्रदान करने वाली देवी कहा जाता है| गंगा दशहरा के दिन गंगा स्नान, पूजा, और दान करने से व्यक्ति की शांति की प्राप्ति होती है| गंगा दशहरा यानी दस तरह के पापों को नाश करने वाला होता है| इस दिन लोग विशेष रूप से दान, स्नान और ध्यान का विशेष महत्व होता है|
पौराणिक कथाओं में कहा गया है कि गंगा दशहरा के दिन ही मां गंगा धरती पर अवतरित हुई थीं| राजा सगर के पुत्रों का उद्धार करने के लिए राजा भागीरथ हजारों साल तपस्या करके गंगा को स्वर्गलोक से धरती पर आज ही के दिन लाए थे| गंगा शिव की जटाओं से होती हुई जब धरती पर आई तो आज के दिन ही वह ब्रह्मकुंड पहुंची थी और भागीरथ के पुरखों का उद्धार किया था| गंगा जब धरती पर अवतरित हुई तब 10 तरह के ग्रह योग मौजूद थे| इसलिए गंगा दशहरा को दस तरह के पापों को दूर करने वाला भी माना जाता है| इसलिए गंगा दशहरा पर्व पर हरिद्वार में गंगा स्नान का काफी महत्व है| गंगाजल बहुत ही पवित्र और पूजनीय माना जाता है| किसी भी शुभ कार्य और पूजा अनुष्ठान में गंगाजल का प्रयोग जरूर किया जाता है| गंगा भवतारिणी हैं, इसलिए हिंदू धर्म में गंगा दशहरा का विशेष महत्व माना जाता है |