भारतीय योग संस्थान ने संस्थापक प्रकाश लाल जी की पुण्यतिथि ‘स्मृति दिवस’ के रूप में मनाई

दीपक मिश्रा 

 

भारतीय योग संस्थान के संस्थापक पूज्य प्रकाश लाल जी की पुण्यतिथि पर आज पश्चिमी जिला द्वारा विभिन्न योग केन्द्रों पर “स्मृति दिवस” श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। साधकों ने योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

सामुदायिक केन्द्र, शिवालिक नगर फेस-3 में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ अधिकारियों, क्षेत्रीय प्रधानों, केन्द्र प्रमुखों तथा सामुदायिक केन्द्र समिति के सचिव भारत भूषण चौहान द्वारा माँ सरस्वती एवं पूज्य प्रकाश लाल जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात शैलेश श्रीवास्तव ने मधुर भजन प्रस्तुत किया तथा प्रभा शर्मा, सरिता शर्मा एवं हेम वर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम में अनिता वर्मा, अनिल कुमार शर्मा, ओ.पी. शर्मा, प्रवेश चौहान, सतीश अग्रवाल, धर्मसिंह पाल, विमला सिंह, शिप्रा गुप्ता, एस.पी. मौर्य, कमला नेगी एवं आर.एस. मिश्रा ने योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। इस अवसर पर रेखा सिंघल ने प्रेरणादायक कविता का पाठ किया, जबकि अनिता वर्मा, सरिता शर्मा एवं सुमन सैनी ने योग गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

जिला प्रधान सुरेश भट्ट ने पूज्य प्रकाश लाल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने योग को जन-जन तक पहुँचाने का जो महान कार्य किया, वह हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर योग को अपनी दैनिक जीवनचर्या का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।

प्रांतीय प्रधान जयप्रकाश सिंगले ने पूज्य प्रकाश लाल जी को स्मरण करते हुए उनके जीवन पर आधारित एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित साधकों ने अत्यंत सराहा।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रवीण कपिल ने किया। उन्होंने विभिन्न केन्द्रों से आए अधिकारियों, केन्द्र प्रमुखों एवं साधकों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति उपस्थिति एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। अंत में हेम वर्मा द्वारा शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

जिला प्रधान सुरेश भट्ट ने जानकारी दी कि रोशनाबाद योग केन्द्र पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं क्षेत्रीय प्रधान श्रीमती मीरा रावत तथा जय ध्यानी के मार्गदर्शन में स्मृति दिवस मनाया गया, जहाँ योगाभ्यास के साथ साधकों ने पूज्य प्रकाश लाल जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसी क्रम में जिला कारागार में केन्द्र प्रमुख दीनदयाल द्वारा बंदीजनों को योगाभ्यास कराया गया तथा पूज्य प्रकाश लाल जी के जीवन, विचारों एवं योग के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *