श्रीगुरू सेवक निवास उछाली आश्रम में कांवड़ सेवा शिविर आठवें दिन भी जारी कांवड़ियों की सेवा ही भगवान शिव की सच्ची आराधना-श्रीमहंत विष्णुदास

दीपक मिश्रा 
हरिद्वार, 6 अगस्त। श्रीगुरू सेवक निवास उछाली आश्रम में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर आठवें दिन भी पूरे उत्साह के साथ जारी रहा। आश्रम के परमाध्यक्ष श्रीमहंत विष्णुदास महाराज की देखरेख में संचालित किए जा रहे शिविर में कांवड़ियों के लिए भोजन, पेयजल, चाय, नाश्ता आदि सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। आश्रम के स्वयंसेवक शिवभक्तों की सेवा में जुटे हैं। श्रीमहंत विष्णु दास महाराज ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना भगवान शिव की सच्ची आराधना है। सेवा, समर्पण और मानवता भारतीय संस्कृति की पहचान हैं तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार धर्म और समाज की सेवा में योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी शिवभक्तों से कांवड़ यात्रा के दौरान अनुशासन, स्वच्छता और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की। श्रीमहंत विष्णु दास ने बताया कि आश्रम का उद्देश्य केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं में सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना भी है। उन्होंने सेवा में जुटे सभी स्वयंसेवकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह सेवा अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। महंत प्रेम दास, महंत सीताराम दास, महंत कन्हैया दास, राघवेन्द्र दास, पुनीत दास, अमन दास, सुभाष जसवाणी, सुरेश खेड़ा, रमेश खनेजा सहित आश्रम के अन्य सेवादार सेवा कार्यो में योगदान कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *