धर्मनगरी में विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद, जिला प्रशासन के ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ के आह्वान पर आज एनसीसी केडेट्स ने स्वच्छता की कमान संभाली

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार द्वार। धर्मनगरी में विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद, जिला प्रशासन के ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ के आह्वान पर आज एनसीसी केडेट्स ने स्वच्छता की कमान संभाली। मेले के बाद पीछे छूटे हजारों टन कूड़े से पर्यावरण को बचाने के लिए आज *शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज* के एनसीसी कैडेट्स मैदान में उतरे और एक वृहद सफाई अभियान चलाया।

*सिंह द्वार से प्रेम नगर आश्रम चौक, सतनाम साक्षी घाट और अग्रसेन घाट तक चला महाभियान*
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंतुरा के कुशल मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। पर्यावरण की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स के बॉयज और गर्ल्स प्लाटून ने सिंह द्वार से प्रेम नगर आश्रम चौक, सतनाम साक्षी घाट और अग्रसेन घाट तक कावड़ पटरी के बीच मोर्चा संभाला। कैडेट्स ने भारी मात्रा में बिखरी प्लास्टिक की पन्नियां, पॉलिथीन, रैपर और छोड़े गए कपड़े व जूते चप्पल एकत्र कर उनका सुरक्षित निस्तारण किया। युवाओं के इस जज्बे ने स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों को स्वच्छता का एक बड़ा संदेश दिया।

*मार्गदर्शकों की गरिमामयी उपस्थिति*
इस प्रेरक अभियान के दौरान शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद्र भट्ट ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। ग्राउंड पर एनसीसी प्रशिक्षक आशीष राजपूत और मनोज कुमार के नेतृत्व में कैडेट्स ने पूरी एकजुटता और अनुशासन के साथ इस सेवा कार्य को अंजाम दिया। जिला प्रशासन ने सफाई अभियान में पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने पर विद्यालय प्रबंधन और एनसीसी कैडेट्स की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *