दीपक मिश्रा
हरिद्वार, 30 जनवरी। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर हरकी पैड़ी के सामने स्थित शहीद पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया और दिन में 11 बजे दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री भारत भूषण विद्यालंकार ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया और गांधी जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, गांधीजी के सादगीपूर्ण रहन-सहन का ही परिणाम था, कि उनके आगे सभी नतमस्तक हो जाते थे।
समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने बापू के सत्य और अहिंसा के सूत्र को जीवन में धारण करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि, जिस सत्य और अहिंसा के हथियार से बापू ने आजादी की अलख जगाई। उसी को अपनाकर हम भी अपने पूर्वजों के सम्मान तथा अपने अस्तित्व की रक्षा कर पाएँगे। स्वतंत्रता सेनानी कांग्रेस प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने नफरत की दीवारों को ध्वस्त करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि, गांधीजी ने जो रास्ता हम लोगों को दिखाया है। उसी मार्ग पर चलकर, हम समाज को एकता के सूत्र में पिरो सकते हैं। संगठन के अध्यक्ष देशबन्धु ने महात्मा गांधी के साथ महर्षि दयानन्द सरस्वती का स्मरण करते हुए कहा कि आज जिस तरह की परिस्थितियां बन रही हैं। उनके चलते हमें बापू के सत्य अहिंसा जैसे मंत्र को आध्यात्मिकता की चाशनी में लपेट कर परोसना होगा। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के अधिकारी डी.सी. नौटियाल ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि देने वालों में हरिशंकर सैनी, सुशील कुमार शर्मा, वीरेन्द्र गहलोत, नरेंद्र कुमार वर्मा, कर्ण सिंह राणा, आदित्य गहलोत, अनुराग सिंह गौतम, राजकुमारी सैनी, पद्मा देवी, मंजुलता भारती, वेद प्रकाश आर्य, मनीष कुमार, विकास प्राधिकरण अधिकारी प्रवीण माथुर तथा साहित्यकार अरुण कुमार पाठक शामिल रहे।