दीपक मिश्रा
हरिद्वार,संवाददाता। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुरुवार को ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर स्थित ऑडिटोरियम में आशा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में अच्छा कार्य करने वाली 29 आशाओं को सम्मानित किया गया। जिसमें से सात को पांच पांच हजार का चैक भी पुरस्कार के रुप में सौंपा गया। सम्मानित होने वालों में ब्लॉक कॉर्डिनेटर, आशा फैसिलिटेटर और आशा कार्यकर्ता शामिल रहीं। अपने क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को ब्लॉक और जिले स्तर पर सम्मानित किया गया। आशा सम्मेलन का शुभारंभ हरिद्वार के विधायक मदन कौशिक ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
आशा सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक मदन कौशिक ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के समपर्ण और समुदाय स्वास्थ्य सुधार में योगदान को बिलकुल भी नकारा नहीं जा सकता। विधायक मदन कौशिक ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों के कारण ही स्वास्थ्य सेवायें प्रत्येक घर तक सुचारु रुप से पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन के माध्यम से समाज में एक अहम भूमिका निभाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया यह एक बहुत सराहनीय कार्य है। इस प्रकार के सम्मेलन के माध्यम से आशा कार्यकर्ताओं में और अधिक ऊर्जा का संचार होगा। सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने कहा कि अपने कार्यक्षेत्र के समुदाय को स्वास्थ्य सेवा संबंधि आवश्यकताओं की जानकारी देना और उन्हें प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करने में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अग्रणी है। कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के उपभोग के लिए परामर्श देने का कार्य भी हमारी आशा कार्यकर्ता करती हैं। कहा कि स्वास्थ्य सेवा और समुदाय के बीच सेतू का कार्य यह आशा कार्यकर्ता करती हैं। आशा सम्मेलन में निदेशक डॉ.सीपी त्रिपाठी, एसीएमओ डॉ.अनिल वर्मा, एसीएमओ डॉ.कुंदन, डॉ. आलोक तिवारी, डॉ. नरेश चौधरी आदि मौजूद रहे।