दीपक मिश्रा
योग, प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद एवं भारतीय परंपरागत ज्ञान प्रणाली के क्षेत्र में मिलकर कार्य करेंगे
हरिद्वार, 18 अप्रैल। पतंजलि योगपीठ एवं अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा मध्य प्रदेश ने परस्पर सहयोग एवं शैक्षणिक समन्वय हेतु समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि एमओयू का उद्देश्य योग, प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद एवं संबंधित भारतीय परंपरागत ज्ञान प्रणालियों के क्षेत्र में शैक्षणिक, अनुसंधानात्मक एवं विकासात्मक गतिविधियों में परस्पर सहयोग सुनिश्चित करना है। एमओयू के अन्तर्गत दोनों संस्थानों के सहयोग से योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं आयुर्वेद से संबंधित पाठ्यक्रमों का विकास एवं संचालन किया जाएगा। साथ ही संयुक्त रूप से शोध परियोजनाएं एवं संगोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों संस्थानों के शैक्षणिक एवं तकनीकी विशेषज्ञों का परस्पर आदान-प्रदान कर ज्ञान साझा किया जा सकेगा। इसमें छात्रों के प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं फील्ड वर्क की व्यवस्था भी रहेगी। दोनों संस्थानों में संचालित पुस्तकालय, प्रयोगशाला, शोध संसाधनों आदि का आपसी उपयोग भी किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त योग एवं आयुर्वेद से संबंधित प्रमाणपत्र, डिप्लोमा, डिग्री पाठ्यक्रमों का समन्वित संचालन भी किया जाएगा। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा के कुलपति प्रो.राजेन्द्र कुमार कुरारिया ने कहा कि पतंजलि योगपीठ योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं आयुर्वेद आधारित सर्वश्रेष्ठ शोध संस्थान है। हम पतंजलि के साथ संयुक्त रूप से कार्य कर योग, आयुर्वेद व प्राकृतिक चिकित्सा पर व्यापक शोध कर ज्ञान साझा करेंगे। इस दौरान अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा.सुरेंद्र सिंह परिहार भी मौजूद रहे।