दीपक मिश्रा
डिवाइन लाइट स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के उपलक्ष्य में आयोजित पूर्व कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज दिनांक 6 मई 2025 को डिवाइन लाइट स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार के सभागार में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आयुष विभाग के तत्वावधान में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मनीषा चौहान, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, एवं डॉ. घनेन्द्र वशिष्ठ, नोडल अधिकारी, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, हरिद्वार उपस्थित रहे।
डॉ. मनीषा चौहान ने कक्षा सातवीं से नवमीं तक की छात्राओं को हार्मोनल परिवर्तन, मासिक धर्म, संतुलित आहार, कल्पना शक्ति और व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित अत्यंत महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि “हमारी मां हमारी सबसे अच्छी मित्र होती हैं। अपने मन की बात हमें अपनी मां और डॉक्टर से अवश्य साझा करनी चाहिए।” उन्होंने किशोरियों को पौष्टिक आहार अपनाने, नियमित दिनचर्या और स्वच्छता के महत्व पर विशेष जोर दिया।
योग अनुदेशक अदिति वर्मा द्वारा छात्राओं को उनकी समस्याओं के समाधान स्वरूप उपयोगी योगासन एवं प्राणायाम सिखाए गए। योग अभ्यास से छात्राओं को आत्मसंयम, आत्मबल और आत्मविश्वास बढ़ाने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. घनेन्द्र वशिष्ठ ने कहा कि “योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन का भी आधार है। किशोरावस्था में आत्मचिंतन और योग के माध्यम से ही हम अपने भीतर के आत्मबल को जागृत कर सकते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने खुलकर अपनी व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं साझा कीं, जिनका डॉ. मनीषा चौहान ने सहजता से समाधान देते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को नारी स्वास्थ्य, स्वच्छता और योग की दिशा में जागरूक करना रहा, जिसे विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और छात्राओं ने अत्यंत सराहनीय रूप से अपनाया।