दीपक मिश्रा
*अहिल्याबाई की त्रिशताब्दी पर चित्रकला, निबन्ध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 6 जुलाई को*
हरिद्वार। कला एवं साहित्य के संवर्धन एवं संरक्षण को प्रतिबद्ध अखिल भारतीय संस्था ‘संस्कार भारती’ बच्चों में छिपी हुई प्रतिभाओं को उभारने, निखारने और उनकी ज्ञान वृद्घि करने के उद्देश्य से नगर के स्कूली विद्यार्थियों के लिये, लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के त्रिशताब्दी के अवसर पर चित्रकला, निबन्ध एवं ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं की एक श्रृंखला का आयोजन कर रही है।
चित्रकला प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित की जाएगी, जिसमें वर्ग-अ (कक्षा तीन से पाँच तक) का विषय ‘प्रकृति संरक्षण हमारा कर्तव्य’, वर्ग-ब (कक्षा छः से आठ तक) का विषय ‘प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना हमारी जिम्मेदारी’, तथा वर्ग-स (कक्षा-नौ से बारह) का विषय ‘लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर जी का जीवन चित्रण’ होगा। इसी विषय पर आयोजित होने वाली 800-1000 की शब्द सीमा की निबन्ध प्रतियोगिता कक्षा छ: से नौ तक के बच्चों के लिये रहेगी, जबकि, इसी विषय पर आधारित ‘ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कक्षा नौ से बारह तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे।
उपरोक्त जानकारी देते हुए संस्कार भारती की हरिद्वार महानगर इकाई के संरक्षक अरुण कुमार पाठक तथा सचिव सन्तोष कुमार साहू ने बताया कि यह सभी प्रतियोगिताएँ आगामी रविवार 6 जुलाई को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2 भेल उपनगरी में प्रातः 10 से 12 बजे तक आयोजित की जायेंगी। सभी विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार किसी एक प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। इस सम्बन्ध में किसी भी जानकारी के लिये विद्यार्थी 9759003318 तथा 9997897334 मोबाइल नम्बरों पर सम्पर्क कर सकते हैं।