बहरीन में आयोजित यूथ एशियन गेम्स में दमखम दिखायेगी हरिद्वार की भूमिका

दीपक मिश्रा 
हरिद्वार,संवाददाता। ओलम्पिक काउंसिल ऑफ एशिया द्वारा बहरीन में 22 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होने जा रहे तृतीय यूथ एशियन गेम्स के लिए भारत की कबड्डी टीम की घोषणा कर दी गई है। इस टीम में उत्तराखण्ड के दो खिलाड़ियों – भूमिका (हरिद्वार) और राहुल बोर (उधम सिंह नगर) का चयन हुआ है।
उत्तराखण्ड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि बालिका वर्ग में भूमिका, जो जनपद हरिद्वार के निरंजनपुर (लक्सर) की निवासी हैं, भारतीय टीम में शामिल की गई हैं। वहीं बालक वर्ग में राहुल बोर का चयन हुआ है, जो उधम सिंह नगर से हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक साथ प्रदेश के दो खिलाड़ियों का चयन पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। संघ के सचिव चेतन जोशी ने बताया कि दोनों खिलाड़ी 16 अक्टूबर को दिल्ली से बहरीन के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि यूथ एशियन गेम्स में पहली बार कबड्डी को शामिल किया गया है। राज्य के खिलाड़ियों के चयन पर भारतीय ओलम्पिक संघ के पूर्व महासचिव राजीव मेहता, उत्तराखण्ड ओलम्पिक संघ के महासचिव डॉ. डीके सिंह, उपाध्यक्ष स. मेजर सिंह, कबड्डी प्रशिक्षक ऋषिपाल सिंह, नितिन कुमार, गौरव उपाध्याय, विमल डबराल, आशीष कुमार, नरेन्द्र सिंह रौथाण, मनोज नेगी और दिनेश कैन्तुरा आदि ने खुशी जताते हुए टीम को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *