हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर रसियाबड़ डायवर्जन तीन दिन के भीतर होगा गड्डामुक्त

दीपक मिश्रा 
हरिद्वार, 25 अक्तूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सड़कों को गढ्ढा मुक्त करने आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को हरिद्वार-नजीबाबाद नेशनल हाईवे निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, प्रगति, सुरक्षा मानकों एवं निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का गहनता से जायज़ा लिया।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रसियाबड़़ के पास बने लगभग 2.2 किमी डायवर्जन मार्ग का रिपेयरिंग कार्य तत्काल शुरू कराने और 3 दिन के भीतर पूरा कर प्रगति रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित उपलब्ध कराने के निर्देश पीडी एनएचएआई को दिये। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि. निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परियोजना निदेशक एस.शर्मा ने बताया कि 3 दिन के भीतर डायवर्जन का रिपेयरिंग कार्य पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि नजीबाबाद बायपास निर्माण कार्य भी इस वर्ष के अन्त तक पूर्ण कर लिया जायेगा और हरिद्वार आने वाले यात्रियों को नजीबाबाद शहर में लगने वाले जाम एवं धीमे ट्रैफिक से मुक्ति मिलेगी, जिससे यात्रियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम जितेन्द्र कुमार, पीडी एनएचएआई एस.शर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर दिनेश शर्मा आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *