दीपक मिश्रा
हरिद्वार मुक्केबाजी संघ ने किया राष्ट्रीय स्कूल मुक्केबाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली हरिद्वार की सैम चौधरी को सम्मानित
सैम चौधरी की सफलता से अन्य खिलाड़ियांे को भी मिलेगी प्रेरणा-डा.विशाल गर्ग
हरिद्वार, 16 फरवरी। हरिद्वार मुक्केबाजी संघ के पदाधिकारियों ने कर्नाटक के बेंगलुरू में स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्कूल मुक्केबाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली हरिद्वार की सैम चौधरी को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया और बधाई दी। इस दौरान सैम चौधरी के माता पिता को भी सम्मानित किया गया। हरिद्वार मुक्केबाजी संघ के सचिव व कोच नवीन चौहान से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सैम चौधरी ने 2 से 8 फरवरी तक आयोजित की गयी प्रतियोगिता में अंडर-19 बालिका वर्ग में 70 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है।
उत्तराखंड मुक्केबाज़ी संघ के उपाध्यक्ष रोहन सहगल ने बताया कि यह पहली बार है कि हरिद्वार जिले की बालिका को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है। धामी सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं और योजनाओं के फलस्वरूप खिलाड़ी उत्तम प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। संरक्षक सुनीता चौधरी ने सैम चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि सभी बालिकाओं को मुक्केबाजी खेल अवश्य सीखना चाहिए। आजकल के सामाजिक परिवेश में मुक्केबाजी आत्मरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है। इससे बालिकाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
हरिद्वार मुक्केबाज़ी संघ के अध्यक्ष डा.विशाल गर्ग ने सैम चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता से अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। मुक्केबाजी के प्रति खिलाड़ियों का रूझान बढ़ेगा। उपाध्यक्ष विपिन चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बालक-बालिकाओं को भी मुक्केबाजी खेल का प्रशिक्षण देने के लिए नए कोचिंग संेटर शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कोषाध्यक्ष सुधीर जोशी ने बताया खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। हरिद्वार मुक्केबाजी संघ के सचिव तथा कोच नवीन चौहान ने कहा कि सैम चौधरी में विलक्षण खेल प्रतिभा है। प्रशिक्षण के उपरांत वे एक बेहतरीन खिलाड़ी के रूप में सामने आयी और स्वर्ण पदक जीतकर हरिद्वार और उत्तराखंड का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आने वाले समय में कई बेहतरीन खिलाड़ी सामने आएंगे। इस अवसर पर डा.प्रदीप कुमार, आदित्य शर्मा, शिखा चौहान सहित कई लोग मौजूद रहे।