युवती से मारपीट कर छीना मोबाइल और फिर गोली मारकर युवक ने की आत्महत्या।

दीपक मिश्रा 

उत्तर प्रदेश के फैजाबाद स्थित एक ही गांव के रहने वाले हैं युवक युवती, एकतरफा प्रेम में उठाया खौफनाक कदम

हरिद्वार। यूपी के फैजाबाद से आए एक युवक ने एक तरफा प्रेम में हरिद्वार में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की आत्महत्या से क्षेत्र में सनसनी मच गई। 25 वर्षीय मृतक की पहचान सुजीत निवासी अरूवावा, फैजाबाद के रूप में हुई है। आरोप है कि युवक ने पहले युवती के साथ मारपीट की और फिर उसका मोबाइल छीनकर भी ले गया था। युवती और युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं। युवती जमालपुर स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करती है।

जानकारी के अनुसार, युवती शुक्रवार सुबह फैक्ट्री जा रही थी। उसने पुलिस को सूचना दी कि उसके गांव का युवक सुजीत उसे जमालपुर चौक पर मिला, जिसके पास अवैध पिस्टल थी। आरोप है कि युवक ने उससे मारपीट की। इस बीच मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच युवक, युवती का मोबाइल छीनकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। इस बीच किसी तरह अपनी जान बचाकर गैस प्लांट चौकी पहुंची। युवती द्वारा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने युवती से ही युवक का मोबाइल नंबर लेकर उसकी लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम युवक की तलाश में बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास की ओर पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक ने बाउंड्री वॉल के पीछे खाली मैदान में अपनी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पिस्टल बरामद कर ली है। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। एसपी सिटी अभय सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से मामले की जानकारी जुटाई।

एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि मृतक युवक के पास से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। उसके पास पिस्टल कहां से आई और पूरे घटनाक्रम की असली वजह क्या थी, इसकी गहन जांच जारी है। युवक और युवती के परिजनों को सूचना दे दी गई है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *