दीपक मिश्रा
हरिद्वार। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा 8 अप्रैल से अपने पांच दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रही हैं। जिसकी तैयारी को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष इन दिनों राज्य के अलग-अलग जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। उनके दौरे से पहले मंगलवार को गणेश गोदियाल हरिद्वार पहुंचे। जयाराम आश्रम में उन्होंने जयाराम पीठाधीश्वर ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज से आशीर्वाद लिया और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ हरिद्वार में होने वाली बैठक को लेकर चर्चा की। आगामी 10 अप्रैल को कुमारी शैलजा हरिद्वार दौरे पर रहेंगी। जयाराम आश्रम में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। मीडिया से वार्ता के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि आगामी 2027 के चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा का महत्वपूर्ण दौर होने जा रहा है। उधमसिंह नगर, हल्द्वानी, कोटद्वार, देहरादून और हरिद्वार में उनकी बैठकें होनी हैं। आने वाले चुनाव और संगठन की मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति नीति से अवगत कराकर उत्साह बढ़ाने का कार्य करेंगी। हरिद्वार में दस अप्रैल को तीन बजे से साढ़े पांच बजे तक कार्यक्रम होगा, उसके पश्चात कुमारी शैलजा गंगा आरती में भी शामिल होंगी। गणेश गोदियाल ने दावा किया आने वाले चुनाव में कांग्रेस भाजपा को परास्त करेगी। चाहे भाजपा कितनी भी तानाशाही चला ले और भ्रष्टाचार कर धन कमा ले, लेकिन जनता का आशीर्वाद कांग्रेस को ही मिलेगा।
कुमारी शैलजा के दौरे के बाद पीसीसी कमेटी का गठन होगा
पीसीसी कमेटी के गठन में देरी के सवाल पर गणेश गोदियाल ने कहा कि 5 राज्यों के चुनाव की व्यस्तता के चलते इसमें कही देरी हो रही है और उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश प्रभारी के इस दौरे के बाद जल्द ही इसकी घोषणा भी हो जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को राज्यपाल बनाए जाने और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बयान पर गणेश गोदियाल ने कहा कि उनकी इस विषय पर अभी दोनों नेताओं में से किसी से भी बात नहीं ही है। बात करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अभी छह लोगों को ही कांग्रेस में शामिल किया गया है, हरीश रावत जिस नेता की बात कर रहे हैं, अगली लिस्ट में उसका नाम भी शामिल है। सब पक्षों के बातचीत करके ही नेताओं को कांग्रेस ज्वाइन कराई जाएगी।
हेमंत बिसवा सरमा को बताया बेहूदा
गणेश गोदियाल ने असम के सीएम हेमंत बिसवा सरमा द्वारा राहुल गांधी और पवन खेड़ा को लेकर की गई बयानबाजी पर कहा कि कुछ लोग बेहूदा किस्म के लोग होते हैं, जो कुछ भी बोल देते है। जब वो कांग्रेस में थे, तब भी उल्टे सीधे बयान देते रहते थे। उन्हें मर्यादा में रहकर बयानबाजी करनी चाहिए। गोदियाल ने कहा कि पवन खेड़ा ने जो आरोप लगाए है, उसके तथ्य हैं उनके पास।