दीपक मिश्रा
हरिद्वार। उत्तराखंड बोर्ड की इंटर की परीक्षाओं में हरिद्वार की वंशिका ने भी बाजी मारी है। 97 प्रतिशत अंकों के साथ वंशिका ने प्रदेश में तीसरा स्थान और जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। हरिद्वार के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मायापुर की छात्रा वंशिका के पिता टैक्सी ड्राइवर है और वे बेहद साधारण परिवार से आती है। वंशिका की इस उपलब्धि पर शिक्षक, परिजन और सहपाठी छात्र-छात्राएं बधाई देने के लिए पहुंच रहे हैं। वंशिका का कहना है कि उन्होंने पढ़ाई में कड़ी मेहनत की है और इसी वजह से उन्हें ये उपलब्धि मिली है। वंशिका आगे चलकर टीचिंग की फील्ड में कैरियर बनाना चाहती है।
कोई कोचिंग और ट्यूशन नहीं, घर पर की पढ़ाई
वंशिका ने बताया कि उन्होंने परीक्षा के लिए खूब मेहनत की थी और उन्हें यकीन था कि वो प्रदेश में टॉप टेन में जगह बना लेंगी। लेकिन उन्होंने उम्मीदों से आगे जाकर टॉप थ्री में जगह बनाई। वांशिक ने बताया कि पढ़ाई में उनके परिजनों ने सबसे ज्यादा सपोर्ट किया। इसके साथ ही स्कूल के स्टाफ ने अच्छे से पढ़ाया। सभी टीचरों ने बहुत अच्छा पढ़ाया। वंशिका ने बताया कि उसने कोई ट्यूशन नहीं लिया और न ही कहीं कोचिंग ली। स्कूल में टीचरों ने पढ़ाया और घर पर मन लगाकर पढ़ाई की।
वंशिका का सपना है कि आगे जाकर वो मैथ्स प्रोफ़ेसर बनें और टीचिंग में ही उसे अपना करियर बनाना है। इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए वो आगे की पढ़ाई करेंगी।
वहीं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल विजय पाल ने बताया कि वंशिका के टॉप किया है, इसका श्रेय वंशिका को ही जाता है। वंशिका ने मेरिट में स्थान पाने का लक्ष्य लेकर पढ़ाई की है। उसके टॉप करने में माता पिता और शिक्षकों का भी बड़ा योगदान है। पढ़ाई में उसके माता पिता ने सपोर्ट किया और शिक्षकों ने भी अच्छे से पढ़ाया। उन्होंने बताया कि इस बार परीक्षा का पैटर्न भी बदला हुआ था लेकिन बोर्ड ने इसकी पहले से ही जानकारी दे दी थी। पैटर्न को ध्यान में रखकर सभी बच्चों की पढ़ाई कराई गई और यही कारण है कि वंशिका के अलावा अन्य बच्चों ने भी अच्छे अंक हासिल किए हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी उनके कॉलेज के छात्र छात्राओं ने मेरिट में स्थान प्राप्त किया है और इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर आगे भी बच्चों को पढ़ाने का सिलसिला जारी रहेगा।
गौरतलब है कि आज माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तराखंड बोर्ड ने दसवीं और बारहवीं का रिजल्ट जारी किया। बारहवीं की परीक्षा में सरस्वती शिशु मंदिर, बागेश्वर की छात्रा गीतिका पंत ने 98 प्रतिशत और भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, उद्यमसिंह नगर की छात्रा सुशीला मेंहदीरत्ता ने भी 98 प्रतिशत नंबर लाकर पहला स्थान प्राप्त किया। एसवीएमआईसी ऋषिकेश के आर्यन ने 97.2 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही हरिद्वार की वंशिका ने 97 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा प्रदेश में और जिले में पहला स्थान प्राप्त किया।