दीपक मिश्रा
हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन रिकवरी के तहत 152 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सिडकुल थाना पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों के चेहरों पर फिर से खुशी लौट आई है, जिन्होंने अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। एसपी सिटी अभय सिंह ने शनिवार को सिडकुल थाने में उनके मोबाइल लौटाए। एसपी सिटी के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 36 लाख रुपये से अधिक है। इन मोबाइल में सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में कार्यरत बाहरी राज्यों के कर्मचारियों के फोन भी शामिल हैं, जबकि कई फोन स्थानीय निवासियों के हैं। बताया कि खोए हुए मोबाइल फोन की तलाश में सीईआईआर पोर्टल काफी प्रभावी साबित हो रहा है। सिडकुल पुलिस ने विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर इस पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की सफल रिकवरी की। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताते हुए सराहना की।