पर्यावरण प्रदूषित होने से धरती बन रही है आग का गोला – भगत सिंह कोश्यारी

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार- 5 जून। वैश्विक तापमान में निरन्तर वृद्धि और जलवायु परिवर्तन की गंभीर होती समस्या से पूरी दुनिया जूझने के साथ वायुमंडल जहरीला होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है ये सब वातावरण में बढ़ते प्रदूषण के कारण ही तो धरती आग का गोला बनती जा रही है। ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया द्वारा आर्य समाज बीएचईएल, हरिद्वार के स्वामी दयानंद सरस्वती सभागार में आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल पदम् भूषण भगत सिंह कोश्यारी ने उक्त विचार अपने संबोधन में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि दूषित होते पर्यावरण से हिमालय का ईको सिस्टम बिगड़ रहा है, ग्लेशियर पिघल रहे हैं, जैव विविधता तहस नहस हो रही है, जल संसाधनो पर संकट मंडराने के साथ वन्य जीवन को अपना अस्तित्व बचाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। उत्तराखंड तो जल जंगल और जमीन बचाने के लिए मुख्य भूमिका में रहने के साथ पर्यावरणीय आंदोलनों का सबसे अग्रणी नेतृत्वकर्ता रहता है जिनमें चिपको आंदोलन विश्वविख्यात है।

उन्होंने कहा कि भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है, वसुधैव कुटुंबकम् की अवधारणा के आधार पर “जी 20” के माध्यम से पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति में प्रकृति पूजन के दर्शन को सर्वमान्यता दिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ के आव्हान को पूरा भारत अमल में ला रहा है। पूरा विश्व पर्यावरण संरक्षण के लिए भारत की ओर देख रहा है। भारतीय वृक्ष न्यास (ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया) के अध्यक्ष हरितऋषि डॉ0 विजयपाल बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरणीय संतुलन बनाने में वृक्षों का महत्व सर्वाधिक होता है, निरंतर घटते वनों के कारण ही तो जलवायु परिवर्तन जैसी विश्वव्यापी समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है। पेड़ कम होने का मतलब हमारी सांस कम होना है क्योंकि ऑक्सीजन बनाने की फैक्ट्री तो केवल पेड़ ही होते हैं। ग्रीन मैन ऑफ इंडिया के रूप में पहचाने जाने वाले बघेल ने कहा कि “मिशन सवा सौ करोड़” जनाभियान के माध्यम से हम हर भारतीय से केवल एक पेड़ लगाने और एक पेड़ बचाने की अपील कर रहे हैं ताकि भावी पीढ़ी को जीवित रहने के लिए आवश्यक प्राणवायु (ऑक्सीजन) मिल सके। विशिष्ट अतिथि महापौर किरण जैसल ने बिगड़ते पर्यावरण के स्वरूप पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भौतिकता की चकाचौंध प्रकृति के साथ छेड़छाड़ कर रही है हमें मिलकर प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करनी है। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है जिसका निर्वहन करना अत्यंत आवश्यक है।

भारतीय वृक्ष न्यास (ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया) द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मेगा ड्रॉइंग कंप्टीशन आयोजित किया गया जिसमें जूनियर वर्ग से स्वर्णिका सैनी, सीनियर वर्ग से आविका आर्या तथा मिश्रित वर्ग से इशिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों में से क्रमशः अणुव्रत आर्या, प्रज्ञान तथा परी रहीं तथा तृतीय स्थान पाने वाले आशिमा आर्या, ऋचा आर्या तथा वेदिका रहीं। पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता में आर्य समाज शिविर में भाग लेने वाले दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के आर्यवीर और आर्य वीरांगनाओं के अलावा पूरे हरिद्वार से व्यक्तित्व विकास कैंप में प्रतिभाग करने वाले शिविरार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पौधा रोपित करने के साथ 11 कुंडीय पर्यावरण यज्ञ द्वारा किया गया। कार्यक्रम प्रभारी प्रमोद शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए संरक्षक जगदीश लाल पाहवा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। अध्यक्षता आर्य समाज अध्यक्ष बलबीर तलवार और संचालन सुरेश सुयाल के साथ ओपी सिंह ने किया। अभी हाल में ही पदम् भूषण से अलंकृत हुए भगत सिंह कोश्यारी का हरिद्वार के सामाजिक संगठनों द्वारा नागरिक अभिनन्दन किया। जितेन्द्र रघुवंशी ने भगत सिंह कोश्यारी के कृतित्व और व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह में शामिल होने वालों दर्जाधारी मंत्री श्यामवीर सिंह सैनी, विनोद मित्तल, एस एस राणा, आयुष क्षेत्र से डॉ महेंद्र आहूजा, उद्योग जगत से अविनाश चंद्र ओहरी, विश्व हिंदू परिषद से अनिल भारतीय, योगेश पांडे, राहुल पाल, डॉ अर्चना सुयाल, आचार्य योगेन्द्र मेधावी आदि के अलावा हरिद्वार के सभी प्रमुख नागरिक शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *