सिक्ख समाज ने कर्णप्रयाग में निहंग सिक्खों के साथ मारपीट और कार्यवाही पर नाराज़गी जताते हुए मुख्यमंत्री के नाम एडीएम वैभव गुप्ता को ज्ञापन सौंपा

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार/ सिक्ख समाज ने कर्णप्रयाग में निहंग सिक्खों के साथ मारपीट और कार्यवाही पर नाराज़गी जताते हुए मुख्यमंत्री के नाम एडीएम वैभव गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पूरे प्रकरण की पुलिस कार्यवाही पर सवाल खड़े करते हुई निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
श्री गुरु नानक देव जी धर्म प्रचार समिति के संचालक बाबा पंडत ने कहा कि कर्णप्रयाग में स्थानीय लोगों और सिक्ख निहंग युवकों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसके आधार पर सिक्ख युवकों को दोषी मानते हुए एक तरफा कार्यवाही की गई है। जिसके कारण सिक्ख समाज में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि जब कोई लड़ाई होती है तो दोनों पक्षों को पकड़ा जाता है और निष्पक्ष सुनवाई होनी चाहिए। जिस प्रकार से पुलिस ने सिक्ख युवकों को गिरफ्तार कर मारा पीटा है इसकी जितनी निंदा की जाए कम है।
अध्यक्ष सूबा सिंह ढिल्लों ने कहा कि कृपाण सिक्ख युवकों ने अपनी सुरक्षा में उठाई। अगर ऐसा नहीं करते तो भीड़ उन्हें जान से मार देती। दूसरे पक्ष ने पहले डंडो से वार किया उन पर कोई कार्यवाही नहीं करना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। जल्द ही दूसरे पक्ष पर भी कार्यवाही की जाए। ऐसा नहीं होने पर समाज आंदोलन के लिए मजबूर होगा जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर उज्जल सिंह सेठी, हरभजन सिंह बाजवा, जोगिंदर सिंह आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *