भाजपा अध्यक्ष के रोड़ शो में हनुमान जी की वेशभूषा में नृत्य कराने पर श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने जतायी नाराजगी

दीपक मिश्रा 
हरिद्वार, 8 जुलाई। लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रोड शो के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा धारण किए व्यक्ति से नृत्य कराए जाने की घटना को लेकर श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने कड़ी नाराजगी जतायी है। अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक के संयोजन में अखाड़े के सदस्यों ने शंकर आश्रम स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप में माफी मांगने की मांग की। अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी को देवी देवताओं का उपहास उड़ाने का कोई अधिकार नहीं है। रोड शो के दौरान भाजपा का झंडा हाथ में देकर हनुमान की वेशभूषा में नृत्य कराना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन की बात करते हैं। वही आज इष्ट देवों का अनादर कर रहे हैं। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हनुमान जी ऐसे लोगों की बुद्धि शुद्धि करें। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि हिंदूवादी संगठनों को इस मुद्दे पर खुलकर सामने आना चाहिए। लोगों की भावनाएं आहत करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने बताया कि श्री अखंड परशुराम अखाड़ा शोभा यात्राओं में देवी देवताओं के परिधान धारण कर नृत्य करने का विरोध करता रहा है। विष्णु प्रसाद शास्त्री और कार्तिक महाराज ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नही होनी चाहिए। हिंदू संस्कृति देश-दुनिया को प्रेरित करती है। सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए काम करना चाहिए। इस अवसर पर अभिमन्यु शास्त्री, विष्णु प्रसाद शास्त्री, मनोज मिश्रा, रमेश शर्मा, गोविंद उपाध्याय, हिमांशु उपाध्याय, कार्तिक महाराज, राजेंद्र प्रसाद, दिनेश आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *