दीपक मिश्रा
हरिद्वार। चेतना पथ फाउंडेशन के तत्वावधान में साम्भाजीनगर (महाराष्ट्र) में आयोजित हुई राष्ट्रीय मास्टर्स क्लासिक एवं इ्क्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैम्पियनशिपमें दो बार राष्ट्रीय रिकार्ड बनाने के साथ ही, ओवर आल चैम्पियनशिप, डेडलिफ्ट, स्क्वेट और बैंचप्रैस के चारों चार स्वर्ण पदक जीतकर, अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए, नया इतिहास रचने वाली अन्तर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टर संगीता राणा का, आज समाजसेवी डाॅ० विशाल गर्ग द्वारा अपने विवेक विहार (रानीपुर मोड़) स्थित कार्यालय में जोरदार स्वागत व सम्मान किया गया।
इस अवसर पर संगीता राणा को डा० विशाल गर्ग, वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, चेतना पथ के सम्पादक अरुण कुमार पाठक ने शाल तथा अंगवस्त्र ओढ़ा कर सम्मानित किया, जबकि हरित ऋषि विजय पाल बघेल ने ट्री ट्रस्ट आफ इंडिया की ओर से ‘हरित सम्मान पत्र’ तथा तुलसी का पौधा भेंट किया।
संगीता ने बताया कि उन्हें आगामी 17 से 27 सितम्बर तक कनाडा के विन्नीपेग शहर में आयोजित होने वाली राष्ट्रमंडल पावरलिफ्टिंग चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिये चुना गया है, जिसके लिये वह सघन प्रशिक्षण ले रही हैं तथा लगातार अभ्यास और तैयारी मेंव्यस्त है। उल्लेखनीय है कि संगीता ने अब तक विश्व चैम्पियनशिप, विश्व कप तथा एशियाई चैम्पियनशिप साथ ही कुल आठ अन्तर्राष्ट्रीय स्वर्ण पदक तथा हिमेजी (जापान) की एशिया-पैसेफिक चैम्पियनशिप के दो रजत पदक जीत कर हरिद्वार नगरी के साथ-साथ अपने उत्तराखण्ड राज्य व देश का भी नाम रोशन किया था।
संगीता राणा को सम्मानित कर उन्हें इस शानदार सफलता पर बधाई देने वालों में पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजू ओबरॉय, सदस्य अनुसूचित जाति आयोग मनोज गौतम, मुकेश राणा, गोविन्द बल्लभ भट्ट, संगीता राणा के प्रशिक्षक अंसार हुसैन, बलवीर सिंह तथा सतीश चन्द्र पंत प्रमुख रूप से शामिल रहे।