दीपक मिश्रा
हरिद्वार, 30 जुलाई। कर्मयोगी कल्याणकारी समिति ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर दहेज के लिए प्रताड़ित की जा रही महिला को न्याय दिलाने की मांग की है। ज्ञापन प्रेषित करने के दौरान कर्मयोगी कल्याण समिति की अध्यक्ष पूनम वाल्मीकि ने कहा कि कनखल निवासी महिला निधि गर्ग ने अपने पति पर उसे और उसके परिवार को दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए समिति से मदद की गुहार लगायी है। निशि गर्ग ने यह भी आरोप लगाया है कि उसने पुलिस को शिकायत भी दी। लेकिन उसकी शिकायत को दर्ज नहीं किया गया। पूनम वाल्मीकि ने कहा कि आधुनिक युग और सभ्य समाज में पढ़ी लिखी महिलाओं का भी शोषण होना चिंता का विषय है। पीड़ित महिला की शिकायत दर्ज नहीं किया जाना इससे भी अधिक चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कर्मयोगी कल्याणकारी समिति हमेशा पीड़ितों के साथ खड़ी रही है। महिलाओं का शोषण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी पक्ष आर्थिक और राजनैतिक रूप से सशक्त है और अपने खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहता है। इसलिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर पीड़ित महिला को न्याय दिलाने की मांग करते हुए पुलिस महानिदेशक को कार्यवाही करने के निर्देश देने का निवेदन किया गया है। यदि इस संबंध में शासन स्तर से कोई उचित कार्रवाई नहीं की गयी तो संगठन आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा। ज्ञापन देने वालों में प्रवीण वाल्मीकि, विनोद, राम अवतार, विकास बेनीवाल, मनोज, सतीश वाल्मीकि, राजेश, आनंद कांगड़ा, मूलचंद, ओमबीरी, ममता रानी, सरोज, रेखा, पूजा, सन्नी आदि शामिल रहे।