हर घर तिरंगा अभियान-2026 को बनाए जनभागीदारी का महापर्व डा. नरेश बंसल’

दीपक मिश्रा 

भाजपा राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष व सांसद राज्यसभा डा. नरेश बंसल ने देश व प्रदेशवासियोंे से आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए आगामी 15 अगस्त को अपने घरों पर ससम्मान तिरंगा फहराकर आजादी का महोत्सव मनाने का निवेदन किया। उन्होंने वीर क्रांतिकारियों को याद करने और 15 अगस्त की शाम को राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखने का संदेश भी दिया।

डा. नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने हर घर तिरंगा अभियान-2026 को जनभागीदारी का महापर्व बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित न रहे बल्कि राष्ट्रभक्ति, जनसहभागिता और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का जनआंदोलन बने। साथ ही नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान की वेबसाइट पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने के लिए भी आह्वान किया।

डा. नरेश बंसल ने कहा कि किसी देश का आधिकारिक झंडा उस पूरे देश का प्रतीक होता है। यह प्रतीक एक ही छवि में देश के अतीत वर्तमान और भविष्य को दर्शाता है। जिस तरह एक झंडा किसी देश का प्रतिनिधित्व करता है उसी तरह हमारा राष्ट्रीय झंडा तिरंगा भारत देश का प्रतिनिधित्व करता है। हमारे लिए हमारे राष्ट्रीय झंडे के बहुत मायने हैं। यह हमें गौरवान्वित महसूस कराता है। हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश के सम्मान एवं गौरव का पवित्र प्रतीक है। इसके तीन रंग हमें स्वतंत्रता के लिए वीरों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाते हैं। विश्वशांति का पाठ पढ़ाते हैं और आजादी के संग्राम में अपना सबकुछ न्यौैेछावर कर देने वाले सेनानियों के बलिदान का मान रखते हुए देश को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रखने और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करते हैं।

डा. बंसल ने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि आज के अतुल्य भारत के निर्माण में नींव की ईंटे बनने वालों के संघर्षों को याद करें एवं उनसे सबक लेकर आगे बढ़ें। उम्मीद है कि हर घर तिरंगा अभियान भारत के नागरिकों के बीच देशभक्ति और राष्ट्रवाद को बढ़ाने में मदद करेगा। यह एक राष्ट्र के रूप में हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाने का भी एक अच्छा तरीका है।

डा. नरेश बंसल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रत्येक नागरिक अपने घर व प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराए। उन्होंने तिरंगे को देश की आन, बान व शान बताते हुए आह्वान किया कि राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रतीक तिरंगे का सम्मान करते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों के पालन का संकल्प लें। डा. नरेश बंसल ने कहा कि इसके परिणामस्वरूप हमारा हमारे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ेगा। साथ ही यह अभियान भारतीय नागरिकों को राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारियों की याद दिलाएगा। लिहाजा यह अनूठा अभियान मजहबी संकीर्णताओं और आपसी वैमनस्य को मिटाकर संपूर्ण भारतीयों को राष्ट्रीयता के सूत्र से जोड़ने में कारगर सिद्ध होगा। एक नए कीर्तिमान के साथ भारत विश्व पटल पर अपनी एकता की उद्घोषणा करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *