कृपालु व दयालु हैं देवों के देव महादेव शिव-स्वामी कैलाशानंद गिरी

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार, 28 जुलाई। निंरजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि देवों के देव महादेव भगवान शिव अत्यन्त कृपालु व दयालु हैं। सूक्ष्म आराधना और जलाभिषेक से ही प्रसन्न होकर भगवान शिव अपने भक्तों की सभी इच्छाएं पूर्ण कर देते हैं। श्री दक्षिण काली मंदिर में विशेष शिव साधना के दौरान भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि जो व्यक्ति श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान शिव की शरण में आ जाता है। महादेव उसका जीवन भवसागर से पार लगा देते हैं। शिव आदि और अनंत हैं। सावन में विधि विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक करें। सावन में भगवान आशुतोष की नियमित रूप से पूजा-अर्चना व जलाभिषेक करने से सहस्त्र गुणा पुण्य फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव श्रद्धा और विश्वास के समग्र रूप हैं। संसार के कल्याण के लिए समुद्र मंथन से निकले संपूर्ण विष को अपने कंठ में धारण करने वाले भगवान शिव सदैव भक्तों का कल्याण करते हैं। जो श्रद्धालु भक्त पूरे सावन माह भगवान शिव की श्रद्धा व विश्वास के साथ आराधना करते हैं। उनके सभी कष्ट दूर हो जाते हैं और उनका जीवन उन्नति की ओर से अग्रसर रहता है। शिव आराधना संदेश देती है कि धर्म के मार्ग पर चलेंगे तो जीवन यात्रा सदैव सदैव सुखद और आनंदमयी होगी। सहज और सरल महादेव शिव सबको समान दृष्टि से देखते हैं। शिव को अतिप्रिय श्रावण में शिवलिंग के रूप में पूजे जाने वाले महादेव की पूजा करने से सभी देवों की पूजा का फल मिलता है। सावन में प्रतिदिन भोलेनाथ के शिवलिंग रूप का जलाभिषेक व देवाधिदेव महादेव की स्तुति करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। समाजसेवी लक्की वालिया ने कहा कि स्वामी कैलाशानंद गिरी की कठिन साधना से प्रसन्न होकर भगवान शिव अवश्य ही विश्व का कल्याण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *