दीपक मिश्रा
हरिद्वार, 8 अक्तूबर। राजेश चौहान उर्फ बख्शी चौहान को देवभूमि भैरव सेना संगठन का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। ज्वालापुर के मौहल्ला चौहानान में चौहान धर्मशाला में आयोजित देवभूमि भैरव सेना संगठन के कार्यकर्ता सम्मान समारोह में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया और राजेश चौहान उर्फ बख्शी चौहान को सर्वसम्मति से संगठन का जिलाध्यक्ष घोषित किया गया। निवर्तमान जिलाध्यक्ष चरणजीत पाहवा को प्रदेश सचिव व संगठन का जिला संरक्षक मनोनीत किया गया। संगठन के वरिष्ठ नेता कैप्टन विपिन जोशी की अध्यक्षता तथा मुख्य अतिथी संगठन के केंद्रीय मंत्री संदीप खत्री की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निर्वतमान जिलाध्यक्ष चरणजीत पाहवा ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजेश चौहान को पदभार सौंपते हुए कहा कि उनकी इच्छा है कि युवा साथी आगे बढ़ें और धर्म का प्रचार प्रसार करें। धर्मनगरी में फैल रही अनैतिकता के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करें। पाहवा ने कहा कि कोई भी लड़ाई हो, हौसले से लड़ी जाती है। कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। कार्यकर्ता ही संड़कों पर संघर्ष कर संगठन को आगे बढ़ाते हैं। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजेश चौहान उर्फ बख्शी चौहान ने केंद्र व प्रदेश पदाधिकारियों को भगवान राम की मूर्ति भेंटकर स्वागत किया और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गयी है। उसका पूरी निष्ठा से पालन करेंगे और किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरिता मिश्रा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष लव चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।