दीपक मिश्रा
हरिद्वार। अपर प्रमुख वन संरक्षक प्रशासन, सुरेंद्र मेहरा ने बुधवार को हरिद्वार जनपद के अंतर्गत हरिद्वार वन प्रभाग और राजाजी टाइगर रिजर्व में वनाग्नि नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वन क्षेत्रों में तैनात टीमों की तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हरिद्वार वन प्रभाग के श्यामपुर रेंज स्थित मॉडल क्रू स्टेशन अंजनी से हुई। यहां सुरेंद्र मेहरा ने फायर प्रूफ डंगरी, फायर रेक, लीफ ब्लोअर, टॉर्च और वाटर बोतल समेत अन्य उपकरणों की उपलब्धता और उनके उपयोग की स्थिति की जांच की। उन्होंने सभी क्रू स्टेशनों पर वायरलेस बेस सेट को 24 घंटे सुचारू रखने और वनाग्नि नियंत्रण के लिए टीमों को हर समय अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
हरिद्वार वन प्रभाग में वर्तमान में 77 वनाग्नि श्रमिकों के साथ 20 आपदा मित्रों की तैनाती की गई है। अंजनी क्रू-स्टेशन पर तैनात कर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने वनाग्नि काल में तत्परता से कार्य करने के साथ साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इसके बाद उन्होंने श्यामपुर रेंज के सजनपुर अनुभाग में वन क्षेत्रों का निरीक्षण कर वन मार्गों के किनारे नियमित सफाई और आग पर पूर्ण नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद अपर प्रमुख वन संरक्षक ने राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज स्थित रानीपुर क्रू स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां भी वनाग्नि नियंत्रण से जुड़े संसाधनों की समीक्षा की गई और क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। उन्होंने मनसा देवी क्षेत्र जैसे संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। राजाजी टाइगर रिजर्व के हरिद्वार उप प्रभाग में 40 वनाग्नि सुरक्षा श्रमिक और 10 आपदा मित्र तैनात हैं। सुरेंद्र मेहरा ने वनाग्नि से बचाव के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाने, गोष्ठियां और कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन की भागीदारी से आग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल धीरज पांडेय, वन संरक्षक शिवालिक वृत्त एवं निदेशक राजाजी टाइगर रिजर्व राजीव धीमान, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, राजाजी टाइगर रिजर्व के वार्डन अजय लिंगवाल, वार्डन चित्रांजलि नेगी, एसडीओ पूनम कैथोला, रेंजर श्यामपुर विनय राठी, रेंजर शीशपाल सिंह और राजाजी पार्क के रेंजर महेश सेमवाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।