दीपक मिश्रा
हरिद्वार। चारधाम यात्रा में प्राइवेट बसों का संचालन करने वाले ट्रैवल एजेंटो की कंपनियों में हरिद्वार की कंपनी को भी शामिल किया गया है। बुधवार को कनखल स्थित त्रिपुरा आश्रम में हुई बैठक के दौरान बसों के रोटेशन, गैस सिलेंडर की आपूर्ति और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी चर्चा की गई। संयुक्त रोटेशन चारधाम यात्रा व्यवस्था समिति के तत्वाधान में हुई बैठक में बस संचालकों एवं ट्रैवल एजेंटो की कंपनियों से जुड़े कई ट्रैवल ट्रैवल एजेंट शामिल हुए।
यातायात सहकारी संघ के अध्यक्ष जितेंद्र नेगी ने बताया कि चार-धाम यात्रा में इस बार बसों की बुकिंग देने वाली कंपनियों में इजाफा हो गया है। इस बार नौ की जगह दस कंपनियां चार धाम यात्रियों को बसें मुहैया कराएंगी। अभी तक इस संगठन से 9 कंपनियां जुड़ी हुई थीं लेकिन इस बार हरिद्वार की हरिद्वार लक्जरी बस एसोसिएशन को भी शामिल किया गया है। यात्री को अच्छी और सस्ती बस सेवा मिल सके इसके लिए सही रोटेशन के तहत बसों का संचालन होना चाहिए। जिस पर सभी बस प्रदाता कंपनियों ने सहमति दी है। बस रोटेशन समिति के पूर्व अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने कहा कि चारधाम यात्रा में बसों की सुविधा देने वाली किसी भी यूनियन को डिमांड देने के बाद बस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। हरिद्वार के ट्रैवल एजेंट महेश गौड ने कहा कि 2022 के बाद बस वाले ट्रैवल एजेंट घाटे में जा रहे थे इसलिए संयुक्त रोटेशन चारधाम यात्रा व्यवस्था समिति के साथ मिलकर योजना बनाई गई है। उद्देश्य केवल इतना ही है कि चारधाम जाने वाला यात्री सरल और सुरक्षित यात्रा पूर्ण कर सके।
गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर चिंता व्यक्त की
बैठक के दौरान कई ट्रैवल एजेंटो ने गैस आपूर्ति को लेकर भी चिंता व्यक्त की और बताया कि इस बार गैस की किल्लत के चलते चारधाम यात्रा की प्री बुकिंग प्रभावित हुई है। ट्रैवल एजेंट ओविंद्र कुमार ने बताया कि इस बार बस बुक कराने से पहले यात्री असमंजस की स्थिति में हैं। इसलिए सरकार को चारधाम यात्रा मार्ग में गैस सिलेंडर की पूरी व्यवस्था करनी चाहिए। सिलेंडर की किल्लत से किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में इस बार बिना अनुमति बाहरी बसों का संचालन नहीं होगा।
इस दौरान समिति के अध्यक्ष भास्करानंद भारद्वाज, टीजीएमओ के अध्यक्ष जितेंद्र नेगी, यातायात सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष मनोज ध्यानी, रूपकुंड पर्यटन समिति के अध्यक्ष गोपाल प्रधान, टीजीएमओ के संचालक बलवीर सिंह रौतेला, ओविंद्र कुमार, मुकेश मनोचा, महेश गौड, गोपाल प्रधान, राजेंद्र वालिया, मांगेराम और पप्पू समेत कई एजेंट शामिल रहे।