दीपक मिश्रा
हरिद्वार, 8 जून। हरिलोक तिराहे से अंग्रेजी शराब का ठेका हटने पर देवभूमि भैरव सेना संगठन के प्रदेश सचिव चरणजीत पाहवा ने कहा कि ठेका हटवाने के लिए संगठन का तीन साल का संघर्ष कामयाब रहा। चरणजीत पाहवा ने देशी शराब का ठेका भी जल्द हटाने की मांग की। साथ ही ठेका जल्द नहीं हटने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी। चरणजीत पाहवा ने कहा कि अंग्रेजी शराब का ठेका हटवाने के लिए देवभूमि भैरव संगठन ने तीन साल तक संघर्ष किया। इसमें रानीपुर विधायक आदेश चौहान, वार्ड 60 की पार्षद आकर्षिका शर्मा समेत लोगों का भी सहयोग रहा। ठेका हटने से जुर्स कंट्री समेत आसपास रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी। पाहवा ने कहा कि हरिद्वार धर्मनगरी है। इसकी मान मर्यादा का पालन किया जाना चाहिए। देवभूमि भैरव सेना संगठन के लंबे संघर्ष के बाद मीट मार्केट को भी नगर निगम क्षेत्र से बाहर शिफ्ट किया जा रहा है। प्रशासन को जल्द से जल्द देशी शराब के ठेके को भी अन्यत्र शिफ्ट करना चाहिए। आबकारी नीति के तहत धार्मिक क्षेत्र में कहीं भी शराब का ठेका व मांस की दुकान नहीं होनी चाहिए। पाहवा ने ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह का भी आभार जताया।