दीपक मिश्रा
हरिद्वार, 24 अक्तूबर। महामृत्युंजय मठ कनखल में लाखों रुपये की चोरी के आरोपी आश्रम के कोठारी की गिरफ्तारी नहीं होने पर रोष व्यक्त करते हुए आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी यमुनापुरी महाराज ने कहा कि चोरी की घटना को 15 दिन बीत गए हैं। लेकिन पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पायी है। स्वामी यमुनापुरी महाराज ने कहा कि 10 अक्तूबर को आश्रम का कोठारी वैराग्य पुरी आश्रम से लाखों रूपए नकद और सामान चोरी कर फरार हो गया था। उन्होंने उसी दिन पुलिस में घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस मौके पर आयी और जांच पड़ताल करते हुए आरोपी वैराग्य पुरी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी पुलिस वैराग्य पुरी को गिरफ्तार नहीं कर पायी है। स्वामी यमुना पुरी ने कहा कि यदि पुलिस ने जल्द से से जल्द वैराग्य पुरी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया आश्रम का धन और सामान बरामद नहीं किया तो इसकी शिकायत अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी, महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी और मुख्यमंत्री से करेंगे।